Team India Asia Cup 2025 Squad: बीसीसीआई ने 19 अगस्त को एशिया कप 2025 के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान किया। इस टीम में मध्यक्रम बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को जगह नहीं मिली, जिसने क्रिकेट प्रेमियों और विशेषज्ञों को चौंका दिया। पूर्व सलामी बल्लेबाज और क्रिकेट विश्लेषक आकाश चोपड़ा का मानना है कि भले ही अय्यर को मुख्य टीम में शामिल नहीं किया गया, लेकिन उन्हें कम से कम रिज़र्व खिलाड़ी के तौर पर साथ रखा जाना चाहिए था।
चोपड़ा बोले – बोर्ड की मंशा साफ नहीं
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि अय्यर को टीम से बाहर रखने का कोई ठोस कारण नज़र नहीं आता। उन्होंने कहा कि "श्रेयस अय्यर ने शॉर्ट गेंद के खिलाफ अपनी कमजोरी को दूर किया है। वह स्पिन को शानदार खेलते हैं। आईपीएल में उन्होंने 175 की स्ट्राइक रेट से 604 रन बनाए और पंजाब किंग्स को अपनी कप्तानी में फाइनल तक पहुंचाया। इसके बावजूद उन्हें न मुख्य टीम में और न ही रिज़र्व सूची में जगह देना हैरान करता है।"
रिज़र्व खिलाड़ियों की लिस्ट में भी नहीं नाम
एशिया कप के लिए यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे नाम रिज़र्व खिलाड़ियों में शामिल किए गए हैं। लेकिन चोपड़ा का मानना है कि इस सूची में भी श्रेयस अय्यर का नाम होना चाहिए था। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि 'श्रेयस अय्यर को टीम में आने के लिए और क्या करना होगा? उन्होंने रणजी खेला, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में टीम को चैंपियन बनाया, आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया और अपनी कप्तानी में पंजाब को फाइनल तक पहुंचाया। अब और क्या करना बचा है?"
टी20 विश्व कप 2026 की उम्मीद बाकी
आकाश चोपड़ा ने माना कि अय्यर का एशिया कप टीम में शामिल न होना निराशाजनक है, लेकिन उन्होंने विश्वास जताया कि उनका करियर यहीं खत्म नहीं होगा। उन्होंने कहा कि "यह सिर्फ एशिया कप है, इसे विश्व कप से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। अगर श्रेयस अय्यर वनडे और घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे तो वह निश्चित तौर पर टी20 विश्व कप 2026 की टीम में जगह बना सकते हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि वह उस टूर्नामेंट का हिस्सा होंगे।"
अय्यर का टी20 करियर अब तक
श्रेयस अय्यर ने भारत की ओर से अब तक 51 टी20 मैच खेले हैं। इनकी 47 पारियों में उन्होंने 1,104 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 136.13 रहा है और उन्होंने 8 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 74 रन है।
