Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के मंच पर भारत का नाम एक बार फिर खेल जगत में सबसे ऊपर चमक उठा है। हरियाणा की बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाने में हमेशा आगे रही हैं, और इस बार मुक्केबाजी की रिंग से भारत के लिए दोहरे स्वर्ण पदक (डबल गोल्ड) की बेहद खुशखबरी आई है। भिवानी की स्टार बॉक्सर प्रीति पंवार और जैस्मिन लांबोरिया ने अपने वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किए हैं।
भिवानी की प्रतिभावान मुक्केबाज प्रीति पंवार ने महिला 54 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में प्रतिद्वंद्वी को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक जीता। वहीं, भिवानी की ही जैस्मिन लांबोरिया ने महिला 57 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी ताकत व रणनीति का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए देश को दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: CWG 2026: ग्लास्गो में गोल्ड पंच जड़ने से चूकीं लवलीना बोरगोहेन, सिल्वर मेडल से करना पड़ा संतोष
सीएम नायब सिंह सैनी ने दी शुभकामनाएं
हरियाणा की इन दो युवा खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक जीत पर राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रीति पंवार और जैस्मिन लांबोरिया ने अपने अदम्य साहस, दिन-रात की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण के बल पर पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा की बेटियां जिस तरह विश्व स्तर पर भारत का तिरंगा लहरा रही हैं, उससे राज्य ही नहीं बल्कि पूरे देश के लाखों युवा एथलीटों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।
हरियाणा की खेल नीति की सफलता
राज्य में खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार विश्वस्तरीय अवसंरचना, आधुनिक प्रशिक्षण और पारदर्शी खेल नीतियां प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोनों मुक्केबाजों के परिवारों, उनके व्यक्तिगत कोचों और भारतीय मुक्केबाजी दल को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
