स्पोर्ट्स

भारत को बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर टीम चैम्पियनशिप में आसान ड्रॉ मिला, गुवाहाटी में होगा आयोजन

भारत को असम के गुवाहाटी में आयोजित होने जा रही बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर टीम चैम्पियनशिप में आसान ड्रॉ मिला है। भारत की मेजबानी में 6 से 11 अक्टूबर तक होगा प्रतियोगिता का आयोजन।

Image

बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर टीम चैम्पियनशिप 2025( फोटो क्रेडिट @bwfmedia X)

नई दिल्ली: भारत को आगामी विश्व जूनियर बैडमिंटन चैम्पियनशिप में आसान ड्रॉ मिला है और दूसरी वरीयता प्राप्त मेजबान टीम ग्रुप एच में हांगकांग, नेपाल और घाना से भिड़ेगी। बैडमिंटन विश्व महासंघ ने गुवाहाटी में छह से 11 अक्टूबर तक होने वाले टूर्नामेंट के लिये शुक्रवार को ड्रॉ की घोषणा की। यह प्रतिष्ठित वैश्विक जूनियर टूर्नामेंट 2008 के बाद पहली बार भारत में हो रहा है जिसमें दुनिया की 37 टीमें भाग ले रही हैं । इसमे हर ग्रुप की विजेता टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचेगी।

शीर्ष वरीयता प्राप्त थाईलैंड को ग्रुप ए में डेनमार्क, स्लोवेनिया और कुक आईलैंड्स के साथ रखा गया है। गत चैम्पियन इंडोनेशिया ग्रुप सी में तुर्किये, रोमानिया और नीदरलैंड के साथ है। चौदह बार की चैम्पियन चीन की टीम ग्रुप ई में जापान, सिंगापुर, ब्राजील और भूटान के साथ है। इस साल से टूर्नामेंट में नया रिले प्रारूप आजमाया जायेगा । इसमें बेस्ट आफ थ्री सेट्स होंगे और 45 अंक तक पहुंचने वाली टीम सेट जीतेगी।

पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल में एक सेट होगा और एक टीम के नौ अंक पर पहुंचने के बाद पहला मैच खत्म हो जायेगा और दूसरा शुरू होगा। इससे पहले रिले प्रारूप में एक सेट होता था और दस मैचों में 110 अंक तक पहुंचना होता था। बैडमिंटन एशिया जूनियर चैम्पियनशिप 2025 में पदक विजेताओं को भारतीय टीम में सीधे प्रवेश मिलेगा। बाकी के स्थानों का फैसला नौ से 13 अगस्त तक होने वाले चयन ट्रायल में होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article