स्पोर्ट्स

BWF World Junior Mixed Badminton Championship 2025: सेमीफाइनल में इंडोनेशिया से हारकर भी भारत ने रचा इतिहास, पहली बार जीता कांस्य पदक

भारत ने गुवाहाटी में आयोजित बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर मिश्रित टीम बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में इंडोनेशिया के खिलाफ हार का सामना करने के बावजूद इतिहास रच दिया है।

Image

बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर मिश्रित टीम बैडमिंटन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम (फोटो क्रेडिट BAI Media X

गुवाहाटी: भारत का बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर मिश्रित टीम बैडमिंटन चैंपियनशिप में शानदार अभियान शुक्रवार को सेमीफाइनल में गत चैंपियन इंडोनेशिया से हारकर कांस्य पदक के साथ समाप्त हो गया। भारत ने गुरुवार को पूर्व चैंपियन कोरिया पर क्वार्टर फाइनल में जीत के साथ इस मिश्रित टीम प्रतियोगिता में पहली बार अपने नाम पर पदक पक्का किया था लेकिन वह अपनी लय बरकरार नहीं रख सका और टूर्नामेंट में खिताब के प्रबल दावेदार इंडोनेशिया से 35-45, 21-45 से हार गया। इंडोनेशिया का अगला मुकाबला 14 बार के चैंपियन चीन और जापान के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।

भारत ने बुधवार को कोरिया को हराने वाली टीम में सिर्फ एक बदलाव किया। मिश्रित युगल में आन्या बिष्ट की जगह विशाखा टोप्पो को शामिल किया, जबकि एक बार फिर लड़कों के युगल वर्ग से मुकाबले की शुरुआत की। भारत के शीर्ष युगल संयोजन भार्गव राम अरिगेला और विश्वा तेज गोब्बुरू ने इंडोनेशिया के मुहम्मद रिज़की मुबारक और रेहान दफ़ा प्रामोनो को 9-5 से हराकर उलटफेर की उम्मीदें जगा दीं। उन्नति हुड्डा लड़कियों के एकल मुकाबले में थलिता विर्यवान के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ खेल नहीं दिखा सकी लेकिन इसके बावजूद उन्होंने भारत को 18-16 से आगे बनाए रखा।

इंडोनेशिया के विश्व जूनियर नंबर एक खिलाड़ी मोहम्मद उबैदिल्लाह ने रौनक चौहान को 11-5 से हराकर अपनी टीम को चार अंकों की बढ़त दिला दी। लालरामसांगा और विशाखा टोप्पो की मिश्रित युगल जोड़ी ने 9-3 से बढ़त बनाई लेकिन इखसान प्रमुद्या और रिंजानी नास्तिने की इंडोनेशियाई जोड़ी ने आखिर में 10-9 से जीत हासिल करने में सफल रही। इसके बाद नास्टिन ने रिस्का अंगग्रेनी के साथ मिलकर रेशिका यू और वेन्नाला के को 9-2 से हराकर पहला सेट 45-35 से जीत लिया।

इसके बाद इंडोनेशिया ने पहले ही अंक से दूसरे सेट पर नियंत्रण कर लिया और मुबारक और प्रमोनो की जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 9-2 से हरा दिया। उन्नति को विर्यावान के खिलाफ 7-9 से और रौनक को उबैदिल्लाह के खिलाफ 7-9 से हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में युगल जोड़ी के लिए अंतर को कम करना बहुत बड़ी चुनौती थी। भारतीय खिलाड़ी अब सोमवार से शुरू होने वाली व्यक्तिगत चैंपियनशिप की तैयारी करेंगे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article