स्पोर्ट्स

BWF World Championship 2015: पेरिस में सोमवार को होगा वर्ल्ड चैंपियनशिप का आगाज, लक्ष्य सेन और पीवी सिंधू को पहले दौर में मिली कड़ी चुनौती

भारत के स्टार खिलाड़ियों को सोमवार से पेरिस में शुरू हो रही बीडब्लूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप के पहले दौर में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। जानिए पहले दिन का भारतीय खिलाड़ियों का पूरा कार्यक्रम?

Image

बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 2025(फोटो क्रेडिट BWF)

पेरिस: भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन को सोमवार से पेरिस में शुरू हो रही बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में पहले दौर में शीर्ष वरीय शि यू का सामना करना होगा जबकि पूर्व चैंपियन पी वी सिंधू खराब प्रदर्शन से उबरकर कड़ी चुनौती पेश करने की कोशिश करेंगी। भारत के प्रमुख खिलाड़ियों के लिए यह साल मुश्किल रहा है। चोटों और खराब फॉर्म ने उनकी तैयारी में बाधा डाली है। एक साल पहले ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाले सेन अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद में फ्रांस की राजधानी में वापसी कर रहे हैं।

लक्ष्य को करना होगा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

अल्मोड़ा का यह 24 वर्षीय खिलाड़ी इसके बाद अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया और अगर उन्हें विश्व चैंपियनशिप में आगे बढ़़ना है तो उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। सेन ने बीडब्ल्यूएफ को बताया,'शुरुआत में इसे याद रखना भी मुश्किल था। लेकिन समय के साथ मुझे अहसास हुआ कि उस अभियान से कई सकारात्मक बातें निकलीं। अब मैं उसमें से कुछ अच्छी बातें ढूंढने की कोशिश करता हूं और उन्हें बेहतर तरीके से याद रखने की कोशिश करता हूं जिससे मुझे एक इंसान के रूप में विकसित होने और मानसिक रूप से मजबूत बनने में मदद मिले। जो हो गया सो हो गया। यहां आकर मैं अच्छा बैडमिंटन खेलने के लिए उत्साहित हूं। ओलंपिक से पहले फ्रेंच ओपन मेरे लिए वाकई अच्छा था। यह एक अच्छा स्टेडियम है और मुझे इन परिस्थितियों में खेलना पसंद है। मेरे लिए यह एक कठिन ड्रॉ है। इसलिए पहले दौर से ही मैं इसे फाइनल की तरह लूंगा।'

2021 में लक्ष्य ने जीता था कांस्य पदक

लक्ष्य सेन ने साल 2021 में वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। सेन नतीजा हासिल करने में संघर्ष करते रहे हैं और उन का 2024 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आल इंग्लैंड के क्वार्टरफाइनल में पहुंचना सर्वश्रेष्ठ परिणाम रहा है। वह ली शि फेंग, कोडाई नाराओका और शी के खिलाफ कड़े मुकाबलों में अक्सर लड़खड़ाते रहे हैं। शी का उनके खिलाफ रिकॉर्ड 3-1 है।

बुल्गारिया की कालोयाना नलबांटोवा से भिड़ेंगी पीवी सिंधू

महिला एकल में, दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और 2019 की विश्व चैंपियन सिंधू को चाइना ओपन में साथी भारतीय उन्नति हुड्डा से मिली हार से उबरना होगा। पांच विश्व चैंपियनशिप पदकों के साथ सबसे सफल भारतीय सिंधू अपने अभियान की शुरुआत बुल्गारिया की कालोयाना नलबांटोवा के खिलाफ करेंगी। विश्व चैंपियनशिप 2023 में कांस्य पदक जीतने वाले एचएस प्रणय का पहला मुकाबला फिनलैंड के जोकिम ओल्डॉर्फ से होगा। अगर वह पहली बाधा पार कर लेते हैं तो उन्हें दूसरे दौर में दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन का सामना करना पड़ सकता है।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को पहले दौर में मिली बाई

पुरुष युगल में नौवीं वरीयता प्राप्त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को पहले दौर में बाई मिली है और वे दूसरे दौर में हमवतन हरिहरन अम्साकरुनन और रूबेन कुमार या चीनी ताइपे के लियू कुआंग हेंग और यांग पो हान से खेलेंगे। मिश्रित युगल में 16वीं वरीयता प्राप्त ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो को पहले दौर में बाई मिली है, जबकि रोहन कपूर और रूथविका शिवानी गाडे का पहला मुकाबला मकाऊ के लियोंग लोक चोंग और वेंग ची एनजी से होगा। महिला युगल में प्रिया कोंजेंगबाम-श्रुति मिश्रा तथा पांडा बहनें रुतुपर्णा और श्वेतपर्णा भी चुनौती पेश करेंगे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article