स्पोर्ट्स

Pro Hockey League: मैच के अंतिम समय में गोल गंवाने के कारण बेल्जियम से हारा भारत

  • Agency by: Agency
  • Updated May 26, 2023, 10:40 PM IST

FIH Hockey Pro League, India vs Belgium: भारतीय हॉकी टीम को प्रो हॉकी लीग में बेल्जियम से हार का सामना करना पड़ा। मैच के अंतिम समय में गोल गंवाने के कारण भारत को हार का सामना करना पड़ा। मैच के तीनों गोल पेनल्टी कॉर्नर पर हुए। वहीं, भारत अपना दूसरा मैच शनिवार को ग्रेट ब्रिटेन से खेलेगा।

Image

बेल्जियम के खिलाफ शॉट लगाते हुए भारत के हॉकी खिलाड़ी। (फोटो- Hockey India)

FIH Hockey Pro League, India vs Belgium: भारतीय पुरुष हॉकी टीम को अंतिम क्षणों की चूक के कारण एफआईएच हॉकी प्रो लीग प्रतियोगिता में शुक्रवार को बेल्जियम के हाथों 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। मैच के तीनों गोल पेनल्टी कॉर्नर पर हुए। पहला क्वार्टर गोल रहित छूटने के बाद थिबाउ स्टॉकब्रॉक्स ने 17वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके बेल्जियम को बढ़त दिला दी। मनदीप सिंह ने हालांकि 24वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को बराबरी पर ला दिया।

तीसरे क्वार्टर में कोई टीम गोल नहीं कर पाई, लेकिन अंतिम क्षणों में बेल्जियम के आक्रमक खेल के सामने भारतीय रक्षा पंक्ति छितर गई। बेल्जियम ने 59वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया जिसे नेल्सन ओनाना ने गोल में बदलकर अपनी टीम को जीत दिलाई।

मैच में दोनों टीमों ने एक दूसरे को कड़ी टक्कर दी। भारत को पहला मौका पांचवें मिनट में मिल गया था लेकिन हार्दिक सिंह का प्रयास बेल्जियम के गोलकीपर लोइस वान डोरेन ने विफल कर दिया। इसके तुरंत बाद बेल्जियम को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीयों ने उसे बचा दिया। बेल्जियम को दूसरे क्वार्टर के शुरू में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले जिसमें वह दूसरे मौके को भुनाने में सफल रहा। भारत ने इसके सात मिनट बाद तब बराबरी हासिल कर ली जब मनदीप ने रिबाउंड पर गोल किया। बेल्जियम को तीसरे क्वार्टर के अंतिम क्षणों में पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाया।

भारत के पास भी बढ़त हासिल करने का मौका था लेकिन हरमनप्रीत सिंह का फ्लिक बेल्जियम के गोलकीपर ने बचा दिया। बेल्जियम को 45वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीयों ने उसे बचा दिया। इसके चार मिनट बाद पीआर श्रीजेश ने एक और शानदार बचाव किया। भारत को भी चौथे क्वार्टर में बढ़त हासिल करने के मौके मिले लेकिन सुखजीत सिंह और गुरजंत सिंह के प्रयासों को बेल्जियम के गोलकीपर ने नाकाम कर दिया। भारतीय टीम अंतिम क्षणों में दबाव में आ गई जिससे बेल्जियम पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने में सफल रहा और इस बार उसने इसे गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की। भारत अपना दूसरा मैच शनिवार को ग्रेट ब्रिटेन से खेलेगा।

End of Article