क्राइम

इंदौर में पत्नी की बेरहमी से हत्या के बाद बेटी के स्कूल पहुंचा आरोपी, कैश, ATM कार्ड और PIN देकर हुआ फरार

Indore Murder: इंदौर के मनोरमगंज थाना क्षेत्र की डाक कुंज कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एमजी रोड डाकघर में पदस्थ महिला कर्मचारी उर्मिला सैनी की उनके पति अखिलेश सैनी ने धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी।

Image

इंदौर मर्डर केस

Photo : Times Now Digital

Indore Murder: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर (Indore Crime) से एक बेहद खौफनाक और दिल को झझकोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के मनोरमगंज थाना क्षेत्र के तहत आने वाली डाक कुंज कॉलोनी में एक शख्स ने अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान उर्मिला सैनी के रूप में हुई है, जो एमजी रोड स्थित मुख्य डाकघर में डाक सहायक के पद पर तैनात थीं। इस दर्दनाक घटना के बाद से पति जो कि आरोपी बताया जा रहा है मौके से फरार है।

इस पूरे हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब उर्मिला की मासूम बेटी दोपहर को स्कूल से पढ़ाई कर अपने घर वापस लौटी। जैसे ही उसने घर का दरवाजा खोला, अंदर का नजारा देखकर उसकी चीख निकल गई। कमरे के भीतर उसकी मां उर्मिला खून से लथपथ हालत में बेजान पड़ी हुई थी। बच्ची ने तुरंत इस बात की सूचना अपने रिश्तेदारों और आस-पास के लोगों को दी, जिसके बाद फौरन पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

वारदात के बाद बेटी के स्कूल पहुंचा था कातिल पिता

इस मामले में पुलिस को जो शुरुआती जानकारियां मिली हैं, वे काफी हैरान करने वाली हैं। बताया जा रहा है कि घर पर पत्नी की जान लेने के बाद आरोपी पति अखिलेश सैनी सीधे अपनी बेटी के स्कूल पहुंच गया था। वहां उसने अपनी बेटी से मुलाकात की और उसे एक एटीएम कार्ड, उसका गुप्त पिन नंबर और कुछ नगद रुपये हाथ में थमा दिए।

इसके तुरंत बाद वह बिना कुछ बताए वहां से रफूचक्कर हो गया। तब मासूम बच्ची को अंदाजा भी नहीं था कि उसका पिता उसकी मां का कत्ल करके आ रहा है। सूचना मिलते ही संयोगितागंज थाना पुलिस की टीम फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ फौरन मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।

पुलिस मामले की कर रही जांच

उर्मिला की हत्या क्यों की गई और पति-पत्नी के बीच ऐसा क्या विवाद था, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस ने फरार आरोपी अखिलेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे दबोचने के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

monu jha
मोनू झा author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article