शहर

दिल्ली के जसोला में बड़ा हादसा, भवन गिराने के दौरान ढही दीवार; मलबे में दबकर मजदूर की मौत

दिल्ली के जसोला में भवन को गिराने के दौरान दीवार ढहने से मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

दिल्ली : जसोला इलाके में पुराने भवन को गिराने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जर्जर इमारत की एक दीवार अचानक ढहने से मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अन्य मजदूर को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1:27 बजे की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि जसोला स्थित एक पुराने और जर्जर भवन को तोड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत की एक साइड की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे चार मजदूर मलबे के नीचे दब गए। मामले में लापरवाही के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से सभी मजदूरों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें 24 वर्षीय विजय की इलाज के दौरान मौत हो गई। दो घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि एक मजदूर को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए भवन गिराने का ठेका लेने वाले शमशुद्दीन, निवासी जामिया नगर, को हिरासत में ले लिया है। वहीं, इमारत के मालिक खुर्शीद की तलाश की जा रही है। प्रशासन की ओर से बदरपुर एसडीएम ने संबंधित परिसर को सील कर दिया है। सरिता विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि भवन को गिराने के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और कानूनी नियमों का पालन किया गया था या नहीं। साथ ही, निर्माण ध्वस्तीकरण की अनुमति और निगरानी की जिम्मेदारी निभाने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शी और पास में तैनात सुरक्षा गार्ड सूरज नारायण यादव ने बताया कि चार मजदूर दीवार तोड़ रहे थे, तभी वह अचानक ढह गई और सभी उसके नीचे दब गए। उन्होंने बताया कि एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा गया।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में भारी बारिश के दौरान निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद प्रशासन ने कमजोर और जर्जर इमारतों की संरचनात्मक सुरक्षा की जांच के आदेश दिए थे।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article