स्पोर्ट्स

एशियन गेम्स के सिल्वर मेडलिस्ट व ओलंपियन शिवपाल सिंह डोपिंग मामले में 10 साल के लिए सस्पेंड

Shivpal Singh Suspended: भारत के 31 वर्षीय जेवलिन थ्रो एथलीट जिन्होंने एशियन गेम्स में रजत पदक जीता और साथ ही टोक्यो ओलंपिक में भी हिस्सा लिया था, उनको डोपिंग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद 10 साल के लिए निलंबित कर दिया गया है।

Image

एशियन गेम्स सिल्वर मेडलिस्ट जेवलिथ थ्रो एथलीट शिवपाल सिंह 10 साल के निलंबित

Photo : AP

एशियन गेम्स के सिल्वर मेडलिस्ट जैवलिन थ्रोअर और ओलंपियन शिवपाल सिंह (Shivpal Singh) को नेशनल एंटी-डोपिंग एजेंसी (NADA) के डिसिप्लिनरी पैनल ने डोपिंग के दूसरे मामले में 10 साल के लिए सस्पेंड कर दिया है। उन पर बैन इसलिए लगाया गया क्योंकि उनके डोप टेस्ट में प्रतिबंधित पदार्थ 'मेथांडिएनोन' (Methandienone) पाया गया था। 31 साल की उम्र में, टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले भारतीय जैवलिन थ्रोअर शिवपाल सिंह के लिए यह उनके करियर का अंत हो सकता है।

शिवपाल सिंह, जिनकी सबसे बड़ी उपलब्धि 2019 में दोहा में हुई एशियाई चैंपियनशिप में जीता गया सिल्वर मेडल है (जिसमें उन्होंने 86.23 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया था), हाल के मामलों में कार्रवाई का सामना करने वाले अकेले भारतीय एथलीट नहीं हैं। गौरतलब है कि, स्प्रिंटर एमवी जिलना को भी 'मेफेंटरमाइन' (Mephentermine) के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद डोपिंग के दूसरे मामले में अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया है।

इससे पहले, 2021 में, प्रतियोगिता के बाहर किए गए टेस्ट में शिवपाल का डोप सैंपल एक स्टेरॉयड के लिए पॉजिटिव आया था। NADA के एंटी-डोपिंग डिसिप्लिनरी पैनल ने अगस्त 2022 में उन्हें डोपिंग का दोषी मानते हुए 2021 से शुरू होने वाला चार साल का बैन लगाया था। उन्हें 2025 तक बैन झेलना था, लेकिन वे NADA के अपील पैनल के सामने यह साबित करने में सफल रहे कि उनके डोप टेस्ट में फेल होने के पीछे "दूषित सप्लीमेंट्स" (contaminated supplements) का हाथ था।

अपील पैनल ने जनवरी 2023 में उनकी बात मान ली और बैन की अवधि को चार साल से घटाकर सिर्फ़ एक साल कर दिया। वे अप्रैल 2023 में खेल में लौटे और उसी साल जून में भुवनेश्वर में हुई नेशनल इंटर-स्टेट चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज़ मेडल जीता। उन्होंने गोवा में हुए 2023 नेशनल गेम्स में गोल्ड मेडल भी जीता।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article