स्पोर्ट्स

BWF World Championships 2026: क्वार्टर फाइनल में पहुंची सात्विक और चिराग की जोड़ी, कड़े मुकाबले में मलेशियाई जोड़ी को दी मात

सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार भारतीय जोड़ी ने मलेशिया की जुनैदी आरिफ और रॉय किंग यप की जोड़ी को तीन सेट तक चले कड़े मुकाबले में पटखनी देकर बीडब्लूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में एंट्री कर ली है।

Image

सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी(फोटो क्रेडिट Hotstar Screen Grab)

नई दिल्ली: सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार भारतीय जोड़ी ने मलेशिया की जुनैदी आरिफ और रॉय किंग यप की जोड़ी को तीन सेट तक चले कड़े मुकाबले में 21-23, 21-19 और 21-17 के अंतर से पटखनी देकर वर्ल्ड चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में एंट्री कर ली। एक घंटे 22 मिनट तक चले मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने पहला गेम 21-23 के अंतर से हारने के बाद शानदार वापसी की और आखिरी दो गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की क्वार्टर फाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त लियांग वेइकेन्ग और वांग चांग की जोड़ी से भिड़ंत होगी।

भारतीय और मलेशियाई जोड़ी के बीच कांटे की टक्कर शुरुआत से ही देखने को मिली। 3-3 से बराबरी के बाद सात्विक चिराग ने ब्रेक तक 11-8 की बढ़त बना ली थी। ब्रेक के बाद भारतीय जोड़ी 16-12 से आगे हो गई थी लेकिन आरिफ और यप शानदार वापसी करते हुए 18-18 की बराबरी पर पहुंच गए। मुकाबला इसके बाद 20-20 पर पहुंचा लेकिन अंत में बाजी मलेशियाई जोड़ी के हाथ लगी और उसने पहला गेम 23-21 से अपने नाम कर लिया और मैच में 1-0 की बढ़त बना ली।

पहला गेम गंवाने के बाद सात्विक और चिराग में दूसरे गेम में 4-4 की बराबरी के बाद ब्रेक तक 11-8 की बढ़त बना ली। लेकिन मलेशियाई जोड़ी ने फिर पलटवार किया और 15-16 से आगे हो गई। पलड़ा लगातार दोनों टीमों की ओर झुक रहा था ऐसे में चिराग-सात्विक ने दम दिखाया और दूसरा गेम 21-19 से अपने नाम करके 1-1 की बराबरी कर ली।

इसके बाद तीसरे गेम में भी दोनों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा। मलेशियाई जोड़ी से भी कड़ी टक्कर मिलती रहा। मुकाबला 8-8 की बराबरी पर पहुंच गया। ब्रेक तक मलेशियाई जोड़ी 11-8 से आगे थी। लेकिन अंत में दर्शकों का साथ भारतीय जोड़ी को मिला और 17-17 से तीसरा गेम बराबर हो गया। आखिर में भारतीय जोड़ी ने सर्विस हाथ में आते ही लगातार चार अंक बटोरे और 21-17 से मैच अपने नाम कर लिया।

(डेवलपिंग स्टोरी)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article