Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने गुरुवार को इतिहास रच दिया। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने पूल मैच में साउथ कोरिया को 8-2 से रौंदकर 64 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। टीम इंडिया ने दक्षिण कोरिया को 8-2 के बड़े अंतर से हराकर एशियन गेम्स 2026 में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इससे पहले भारत ने इंडोनेशिया को 13-1 और श्रीलंका को 16-1 से रौंदा था। तीन मैचों में 37 गोल दागकर डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने ग्रुप में टॉप पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
64 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
एशियन गेम्स में हॉकी में साउथ कोरिया के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड 1962 से कायम था। तब जकार्ता एशियन गेम्स में भारत ने कोरिया को 5-0 से हराया था, यानी 5 गोल के अंतर से मात दी थी। हालांकि, 64 साल तक कोई भी भारतीय टीम इससे बड़ी जीत दर्ज नहीं कर पाई थी। अब 2026 में हरमनप्रीत सिंह की टीम ने 8-2 से जीतकर 6 गोल के अंतर से जीत हासिल की और 1962 वाला रिकॉर्ड तोड़ दिया। यह एशियाड में कोरिया के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत बन गई है।
दोनों टीमों ने मिलकर बनाया 10 गोल का रिकॉर्ड
इस मैच में भारत और साउथ कोरिया दोनों ने मिलकर कुल 10 गोल मारे। यह भारत और कोरिया के बीच पुरुष हॉकी इतिहास में किसी एक मैच में सबसे ज्यादा गोल का रिकॉर्ड भी बन गया। इससे पहले सबसे ज्यादा 8 गोल पड़े थे, जब भारत ने कोरिया को दो बार 5-3 से हराया था।
भारत के पास ओलंपिक में क्वालिफाई करने का मौका
भारत के अब दो ग्रुप मैच बाकी हैं। 26 सितंबर को जापान और 28 सितंबर को बांग्लादेश से मुकाबला होगा। टीम का लक्ष्य ग्रुप में क्लीन स्वीप कर गोल्ड मेडल बरकरार रखना और लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए सीधे क्वालिफाई करना है।
