स्पोर्ट्स

Asia Rugby U20s Sevens Championship 2025: सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय महिला टीम, पुरुष टीम ने यूएई को हराकर रचा इतिहास

बिहार के राजगीर में चल रही एशिया रग्बी एमिरेट्स रग्बी सेवेन्स अंडर-20 चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम ने एंट्री कर ली है। वहीं पुरुष टीम ने यूएई की पटखनी देकर इतिहास रच दिया।

Image

भारतीय महिला अंडर-20 रग्बी टीम

राजगीर: बिहार के दर्शकों के उत्साहपूर्ण समर्थन के बीच भारत की अंडर-20 महिला टीम ने एशिया रग्बी एमिरेट्स रग्बी सेवेन्स अंडर-20 चैम्पियनशिप में शानदार अंदाज़ में वापसी करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं, पुरुष टीम ने इस स्तर पर पहली बार यूएई को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। कोच कियानो फोरी और कप्तान भूमिका शुक्ला के नेतृत्व में महिला टीम ने कज़ाख़स्तान पर कड़े मुकाबले में 17–10 से जीत दर्ज करते हुए शानदार शुरुआत की। बिहार की गुरिया कुमारी, अंशु कुमारी और अल्पना कुमारी ने एक-एक ट्राय कर मेज़बान टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई।

दोपहर में टीम का प्रदर्शन और दमदार हो गया, जब उन्होंने यूएई को 31–7 से मात दी। कप्तान भूमिका ने दो ट्राय किए, उप-कप्तान तनुश्री भोसल ने एक, जबकि मुस्कान पिपलोड़ा और अंशु ने भी स्कोर किया। इस जीत के साथ ही टीम ने दिन के आख़िरी पूल मैच (हांगकांग चीन के ख़िलाफ़) से पहले ही सेमीफ़ाइनल का टिकट पक्का कर लिया।

पुरुष टीम ने दी यूएई को पटखनी

पुरुष वर्ग में, कोच पाको हर्नांदेज़ की टीम ने यूएई को 24–17 से हराकर इतिहास रच दिया। यह भारत की अंडर-20 स्तर पर यूएई पर पहली जीत थी और अंडर-18 व अंडर-20 वर्ग के बीच पांच मुकाबलों में पहली बार उनके ख़िलाफ़ स्कोर भी किया। चरण हेम्ब्रम ने एक ट्राय और कन्वर्ज़न से खाता खोला, गोल्डन कुमार और डेविड मुंडा ने भी ट्राय किए। डेविड के दूसरे ट्राय ने यूएई की मज़बूत वापसी के बावजूद भारत की जीत पक्की कर दी।

पुरुष टीम श्रीलंका और हांगकांग से नहीं पा सकी पार

हालांकि पुरुष टीम आगे के पूल ए मैचों में इस लय को बरक़रार नहीं रख सकी और श्रीलंका व हांगकांग चीन से 5–24 के समान अंतर से हार गई। पूल ए में श्रीलंका और हांगकांग चीन शीर्ष पर रहे, जबकि पूल बी में चीन और मलेशिया ने शीर्ष स्थान हासिल किया। अब भारत की अंडर-20 महिला टीम कल सेमीफाइनल खेलेगी, जबकि पुरुष टीम घरेलू दर्शकों के सामने कज़ाख़स्तान के ख़िलाफ़ पाँचवें स्थान के लिए अपने अभियान का समापन करेगी।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article