CWG 2022 : भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, न्यूजीलैंड को हराकर जीता ब्रॉन्ज मेडल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 7, 2022, 03:37 PM IST

बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने पेनल्टी शूटआउट में न्यूजीलैंड महिला टीम को 2-1 से हराकर इतिहास रचते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता।

CWG 2022 : भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, न्यूजीलैंड को हराकर जीता ब्रॉन्ज मेडल

भारतीय महिला हॉकी टीम ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में इतिहास रच दिया। पेनल्टी शूटआउट में न्यूजीलैंड महिला टीम को 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। भारत की महिला टीम ने पूरे समय में मैच 1-1 से समाप्त होने के बाद ब्रॉन्ज मेडल जीतने के लिए न्यूजीलैंड को 2-1 से हराकर कांस्य पदक जीता। भारत की कप्तान और गोलकीपर सविता पुनिया ने चार में से तीन गोल बचाए और 22वें राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की महिला टीम ने शूटआउट में गत चैंपियन न्यूजीलैंड को 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता।

भारतीय टीम मैच के अंतिम पल में 1-0 से आगे चल रही थी लेकिन आखिरी 30 सेकेंड से भी कम समय में उसने विरोधी टीम को पेनल्टी कॉर्नर दे दिया। यह पेनल्टी स्ट्रोक में बदला और ओलीविया मेरी ने न्यूजीलैंड को बराबरी दिला दी जिसके बाद मुकाबला शूट आउट में खिंच गया। भारत ने शूट आउट में धैर्य बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की।

विवादास्पद सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल तोड़ने वाली हार के बाद इस मुकाबले में खेल रही भारतीय टीम ने पूरे मैच के दौरान बेहतर प्रदर्शन किया और पदक अपने नाम किया। सलीमा टेटे के गोल की बदौलत भारत मध्यांतर तक 1-0 से आगे था।

ब्रेक के बाद नेहा गोयल ने टीम की बढ़त को करीब दोगुना कर दिया था लेकिन न्यूजीलैंड ने अपनी रक्षापंक्ति के अच्छे प्रदर्शन की बदौलत भारत को अपनी स्थिति मजबूत नहीं करने दी।
 

End of Article