स्पोर्ट्स

लुसाने डायमंड लीग में हिस्सा नहीं लेगें अरशद नदीम, सामने आई यह बड़ी वजह

नदीम के लंबे समय से कोच रहे सलमान बट ने बताया कि 28 साल का यह खिलाड़ी फिलहाल लाहौर में अभ्यास कर रहा है और जल्द ही दक्षिण अफ्रीका रवाना होगा। नदीम दक्षिण अफ्रीका में अपने कोच टर्सियस लीबेनबर्ग और स्थानीय प्रशिक्षकों की देखरेख में कुछ सप्ताह तक अभ्यास करेंगे।

Image

अरशद नदीम लुसाने डायमंड लीग में नहीं लेंगे हिस्सा। फाइल फोटो

पाकिस्तान के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी अरशद नदीम इस महीने होने वाली लुसाने डायमंड लीग में हिस्सा नहीं लेंगे। वह दक्षिण अफ्रीका में विशेष प्रशिक्षण के जरिए इस वर्ष होने वाली विश्व एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप और एशियाई खेलों की तैयारियों पर पूरा ध्यान केंद्रित करेंगे। नदीम के कोच ने इस बात की पुष्टि की।

नदीम के लंबे समय से कोच रहे सलमान बट ने बताया कि 28 साल का यह खिलाड़ी फिलहाल लाहौर में अभ्यास कर रहा है और जल्द ही दक्षिण अफ्रीका रवाना होगा। नदीम दक्षिण अफ्रीका में अपने कोच टर्सियस लीबेनबर्ग और स्थानीय प्रशिक्षकों की देखरेख में कुछ सप्ताह तक अभ्यास करेंगे।

कोच ने की पुष्टि

बट ने कहा, 'नदीम ने इस महीने होने वाली डायमंड लीग में नहीं खेलने का फैसला किया है क्योंकि उनका पूरा ध्यान एशियाई खेलों की तैयारी पर है।' नदीम को हाल ही में ग्लास्गो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में पहुंचने वाले आठ खिलाड़ियों में जगह बनाने में नाकाम रहने पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था।

फैंस हुए मायूस

नदीम कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में कोई भी मेडल नहीं जीत पाए थे। खराब प्रदर्शन करते हुए वह मेडल लिस्ट में भारत के खिलाड़ियों से काफी पीछे रहे। नीरज चोपड़ा ने सिल्वर मेडल जीता। नदीम के हटने से जेवलिन फैंस को मायूसी हाथ लगी। वह पाकिस्तान और भारत की प्रतिद्वंद्विता देखने के लिए बेताब थे।

नीरज चोपड़ा लेंगे हिस्सा

हालांकि, दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा 21 अगस्त को लुसाने डायमंड लीग में राष्ट्रमंडल चैम्पियन और इस सत्र में सबसे आगे चल रहे श्रीलंका के रूमेश पथिरागे का सामना करना पड़ेगा। इस टूर्नामेंट में ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भाग ले चुके पांच खिलाड़ी नजर आयेंगे।

भारत के गोल्डन ब्वॉय नीरज चोपड़ा को इस वक्त बेहतरीन फॉर्म में चल रहे श्रीलंका के रुमेश पथिरागे से सबसे बड़ा खतरा है। उनके नाम मौजूदा सीजन के टॉप पाचों थ्रो दर्ज हैं। वह इस सीजन में 90 मीटर का आंकड़ा पार करने वाले अकेले एथलीट हैं। रोम डायमंड लीग में उन्होंने 92.67 मीटर की दूरी तय की थी। भारतीय फैंस एक बार फिर नीरज चोपड़ा से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article