नई दिल्ली: राजधानी के आरके खन्ना टेनिस स्टेडियम में आयोजित पीडब्लूआर डीयूपीआर इंडिया मास्टर्स के प्रो(ओपन) मिश्रित युगल के फाइनल मुकाबले में भारत के अरमान भाटिया और नीदरलैंड की रूस वैन रीक की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया के जॉर्ज वॉल-डैनी टाउनसेंड की जोड़ी को मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया। तीन गेम तक चले मुकाबले में भारतीय-डच जोड़ी ने 11-5, 10-11, 11-1 के अंतर से जीत हासिल की। यह अरमान भाटिया की पुरुष एकल के बाद दूसरी और रूस वैन वीक की भी महिला युगल के बाद दूसरी खिताबी जीत रही। अरमान और रूस की जोड़ी ने पहले और तीसरे गेम में आसानी से जीत दर्ज की। दूसरे गेम में कांटे की टक्कर हुई और ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी 11-10 के करीबी अंतर से जीत दर्ज कर सकी। कुल मिलाकर अरमान-रूस की जोड़ी ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया।
अरमान-रूस ने 11-5 से जीता पहला गेम
अरमान भाटिया और रूस वान रीक की भारतीय-डच जोड़ी ने ऑस्ट्रेलियाई जॉर्ज वॉल-डैनी टाउनसेंड के खिलाफ पहले गेम में शानदार शुरुआत करते हुए कुछ ही मिनट में 6-0 की बढ़त बना ली। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी ने वापसी करते हुए लगातार पांच अंक बटोरे और स्कोरलाइन को 6-5 कर दिया। कुछ देर तक लगातार सर्विस बदलती रही और स्कोर 7-5 पर टिका रहा। इसके बाद भारतीय-डच जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए और लगातार 6 अंक हासिल किए और पहला गेम 11-5 के अंतर से अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में दोनों टीमों के बीच हुई कांटे की टक्कर
दूसरे गेम में पहला अंक हासिल करने के लिए दोनों टीमों को लंबी मशक्कत करनी पड़ी। दूसरे गेम भी खाता भाटिया और रीक की जोड़ी ने खोला लेकिन जल्दी ही ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी 2-1 से आगे हो गई। लेकिन जल्दी ही स्कोर 2-2 से 5-5 की बराबरी पर आ गया। एक-एक अंक हासिल करने के लिए दोनों जोड़ियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही थी। भारतीय-डच जोड़ी ने 7-5 की बढ़त बनाई लेकिन ऑस्ट्रेलिया जोड़ी ने फिर से वापसी की और स्कोर 7-7 की बराबरी पर आ गया। जॉर्ज वॉल ने अपने एक शानदार स्मैश से ऑस्ट्रेलिया जोड़ी को 8-7 से आगे कर दिया। लगातार दो अंक हासिल करके ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी 10-7 के अंतर से दूसरा गेम अपने नाम करने के करीब पहुंच गई। लेकिन भारतीय डच जोड़ी ने लगातार तीन अंक बटोरकर स्कोर को 10-10 पर पहुंचा दिया। अंत में बाजी ऑस्ट्रेलिया जोड़ी के हाथ 11-10 से लगी और मैच 1-1 की बराबरी के साथ निर्णायक गेम में पहुंच गया।
तीसरे गेम में भारतीय-डच जोड़ी ने दिखाया दबदबा
दूसरे गेम में हार का सामना करने के बाद अरमान और रूस की जोड़ी ने निर्णायक और तीसरे गेम में शानदार शुरुआत की और 5-0 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी पहला अंक हासिल कर सकी। लेकिन भारतीय डच जोड़ी ने वापसी करते हुए लगातार 4 अंक बटोरे और 9-1 की बढ़त बना ली।
