स्पोर्ट्स

मेसी की टीम अर्जेंटीना ने रचा इतिहास, FIFA वर्ल्ड कप में 50 मैच जीतने वाली बनी तीसरी टीम

FIFA World Cup 2026: अर्जेंटीना से पहले सिर्फ ब्राजील और जर्मनी ही वर्ल्ड कप में 50 मैच जीतने का कारनामा कर पाए हैं। अर्जेंटीना ने यह उपलब्धि जॉर्डन को 3-1 से हराकर हासिल की और ग्रुप जे में तीनों मैच जीतकर क्लीन स्वीप किया।

Image

अर्जेंटीना ने जीता 50वां मैच (FIFA/leomessi)

FIFA World Cup 2026: लियोनल मेसी की टीम अर्जेंटीना ने फीफा विश्व कप 2026 में एक नया इतिहास रच दिया है। मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना फीफा वर्ल्ड कप में 50 मैच जीतने वाली दुनिया की तीसरी टीम बन गई है। अर्जेंटीना से पहले सिर्फ ब्राजील और जर्मनी ही वर्ल्ड कप में 50 मैच जीतने का कारनामा कर पाए हैं। अर्जेंटीना ने यह उपलब्धि जॉर्डन को 3-1 से हराकर हासिल की और ग्रुप जे में तीनों मैच जीतकर क्लीन स्वीप किया। इस जीत के हीरो एक बार फिर लियोनेल मेसी रहे, जिन्होंने कई नए रिकॉर्ड अपने नाम किए।

अर्जेंटीना ने फीफा विश्व कप में जीता 50वां मुकाबला

जॉर्डन के खिलाफ ग्रुप के तीसरे मैच में मेसी शुरुआत में बेंच पर थे। ग्रुप में पहला स्थान पक्का होने के कारण कोच लियोनेल स्कालोनी ने मेसी समेत 9 मुख्य खिलाड़ियों को आराम दिया था। विश्व कप में अपना पहला मैच खेल रहे जियोवानी लो सेल्सो ने 19वें मिनट में शानदार फ्री किक पर गोल कर अर्जेंटीना को बढ़त दिलाई। वह इस टूर्नामेंट में मेसी के अलावा गोल करने वाले अर्जेंटीना के पहले खिलाड़ी बने।

31वें मिनट में लोटारो मार्टिनेज ने पेनल्टी पर गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। दूसरे हाफ में 60वें मिनट में मेसी मैदान पर उतरे। अपने 39वें जन्मदिन के तीन दिन बाद मेसी ने आते ही कमाल कर दिया। उन्होंने 80वें मिनट में पेनल्टी बॉक्स के बाहर मिले फ्री किक पर गोल दागकर स्कोर 3-1 कर दिया।

मेसी बने विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी

जॉर्डन के लिए एकमात्र गोल मूसा अल्तमारी ने 55वें मिनट में किया था। इस गोल के साथ मेसी लगातार सात विश्व कप मैचों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने फ्रांस के जस्ट फॉन्टेन और ब्राजील के जैरज़िन्हो का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने लगातार छह मैचों में गोल किए थे। मेसी के अब विश्व कप में 19 गोल हो गए हैं और वह इस टूर्नामेंट में 6 गोल के साथ टॉप स्कोरर भी हैं। मेस्सी ने अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया के खिलाफ पिछले मैचों में अर्जेंटीना के सभी 5 गोल किए थे, जिसमें उनकी पहली विश्व कप हैट्रिक भी शामिल थी। सोमवार को दो गोल कर वह टूर्नामेंट के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बने थे।

Aditya Sahu
आदित्य साहू author

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों... और देखें

End of Article