स्पोर्ट्स

आनंदकुमार वेलकुमार ने स्पीड स्केटिंग विश्व चैंपियनशिप में भारत का पहला स्वर्ण पदक जीता, PM मोदी ने दी बधाई

Anankumar Velkumar Creates History: भारत की स्पीड स्केटर आनंदकुमार वेलकुमार ने नया इतिहास रच दिया है। इस भारतीय एथलीट ने स्पीड स्केटिंग विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने भी आनंदकुमार को बधाई दी है।

Image

आनंदकुमार वेलकुमार ने रचा इतिहास (X/NarendraModi)

भारतीय स्केटर आनंदकुमार वेलकुमार (Anandkumar Velkumar) ने सोमवार को चीन में स्पीड स्केटिंग विश्व चैंपियनशिप में देश के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। भारत के इस 22 वर्षीय स्केटर ने 1:24.924 के समय के साथ सीनियर पुरुषों की 1,000 मीटर स्प्रिंट में शीर्ष पुरस्कार जीता।

यह जीत वेलकुमार द्वारा उसी चैंपियनशिप में बेइदाईहे में 500 मीटर स्प्रिंट इवेंट में 43.072 सेकंड का समय निकालकर भारत का पहला सीनियर विश्व चैंपियनशिप पदक जीतने के कुछ दिनों बाद आई है। भारत के लिए खुशी की बात यह रही कि जूनियर प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ी कृष शर्मा ने 1,000 मीटर स्प्रिंट में स्वर्ण पदक जीता।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आनंदकुमार वेलकुमार को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, "स्पीड स्केटिंग विश्व चैंपियनशिप 2025 में सीनियर पुरुषों की 1000 मीटर स्प्रिंट में स्वर्ण जीतने पर आनंदकुमार वेलकुमार पर गर्व है। उनके साहस, गति और भावना ने उन्हें स्केटिंग में भारत का पहला विश्व चैंपियन बना दिया है। उनकी उपलब्धि अनगिनत युवाओं को प्रेरित करेगी। उन्हें बधाई और भविष्य के सभी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।"

गृहमंत्री अमित शाह ने भी आनंदकुमार को बधाई देते हुए लिखा, "भारत की स्वर्णिम उड़ान। 2025 विश्व चैंपियनशिप में सीनियर पुरुष 1000 मीटर स्पीड स्केटिंग स्पर्धा में भारत का पहला स्पीड स्केटिंग स्वर्ण पदक जीतने पर आनंदकुमार वेलकुमार को बधाई। आपने अपने कौशल, चपलता और सटीकता से अनगिनत एथलीटों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण स्थापित किया है। आप हमेशा देश के लिए सम्मान जीतते रहें, यही कामना है।"

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, जो 2019-21 तक युवा मामले और खेल मंत्री रहे, ने एक्स पर आनंदकुमार की ऐतिहासिक जीत की सराहना करते हुए लिखा, "भारतीय खेलों के लिए कितना गौरवशाली क्षण! आनंदकुमार वेलकुमार ने स्पीड स्केटिंग विश्व चैंपियनशिप 2025 में 1000 मीटर स्प्रिंट में स्वर्ण पदक जीता, और इस खेल में पहले भारतीय विश्व चैंपियन बने। आप पर गर्व है, चैंपियन!"

आनंदकुमार वेलकुमार की इस कामयाबी का जश्न पूरे सोशल मीडिया पर देश मना रहा है। स्पीड स्केटिंग विश्व चैंपियनशिप 13 सितंबर को बेइदाईहे में शुरू हुई और 21 सितंबर तक जारी रहेगी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article