स्पोर्ट्स

Wimbledon 2025: अमांडा अनिसिमोवा ने किया बड़ा उलटफेर, वर्ल्ड नंबर वन आर्यना सबालेंका को मात देकर की फाइनल में एंट्री

अमेरिका की अमांडा अनिसिमोवा ने गुरुवार को विम्बलडन में शीर्ष रैंकिंग पर काबिज आर्यना सबालेंका के खिलाफ बड़ी उलटफेर करते हुए करियर में पहली बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

Image

अमांडा अनिसिमोवा( फोटो क्रेडिट - AP)

Photo : AP

लंदन: तेरहवीं वरीयता प्राप्त अमांडा अनिसिमोवा ने बृहस्पतिवार को यहां विम्बलडन में शीर्ष रैंकिंग पर काबिज आर्यना सबालेंका को 6-4, 4-6, 6-4 से हराकर उलटफेर करते हुए अपने करियर में पहली बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में प्रवेश किया। अनिसिमोवा ने बर्नआउट के कारण एक साल पहले टेनिस से ब्रेक लिया था। न्यू जर्सी में जन्मी और फ्लोरिडा में पली-बढ़ी अनिसिमोवा 17 साल की उम्र में 2019 फ्रेंच ओपन में सेमीफाइनल में हार गई थीं। मई 2023 में उन्होंने यह कहते हुए टूर से ब्रेक ले लिया कि वह लगभग एक साल से मानसिक स्वास्थ्य से जूझ रही हैं।

चौथे मैच प्वाइंट पर फोरहैंड विनर के साथ दो घंटे 36 मिनट के मुकाबले को समाप्त करने के बाद अनिसिमोवा ने कहा,'यह अभी वास्तविक नहीं लग रहा है। मुझे नहीं पता कि मैंने यह जीत कैसे हासिल की।' अब ट्रॉफी के लिए शनिवार को उनका सामना इगा स्वियातेक और बेलिंडा बेनसिच के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। इस तरह लगातार आठवीं बार विम्बलडन को नई महिला चैंपियन मिलेगी।

सबालेंका अक्टूबर में स्वियातेक को हटाकर शीर्ष पर पहुंची थीं। सबालेंका इस हार से सेरेना विलियम्स के बाद लगातार चार ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनने से चूक गईं। 23 साल की अनिसिमोवा का विम्बलडन खत्म होने के बाद पहली बार डब्ल्यूटीए रैंकिंग में शीर्ष 10 में जगह बनाना तय है, चाहे खिताबी मुकाबले का नतीजा कुछ भी रहे। सबालेंका एक साल पहले कंधे में चोट के कारण विम्बलडन से चूक गई थीं। फिर पिछले साल सितंबर में अमेरिकी ओपन जीतकर उन्होंने अपनी तीसरी ग्रैंड स्लैम ट्रॉफी जीती।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article