KPA PRO40 Tournament: कर्नाटक पिकलबॉल एसोसिएशन (KPA) ने भारतीय पिकलबॉल एसोसिएशन (IPA) के तत्वाधान में शनिवार (9 अगस्त) को अपने पहले PRO40 पिकलबॉल टूर्नामेंट की धमाकेदार शुरुआत की है। यह ऐतिहासिक आयोजन बेंगलुरु के गोरली, व्हाइटफील्ड में हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य पूरे राज्य में छिपी हुई प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें निखारना है और राष्ट्रीय स्तर के लिए पूरी तरह से तैयार करना है।
IPA ने सराहा KPA का कदम
इस कार्यक्रम में इंडियन पिकलबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुर्यवीर सिंह भुल्लर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि 'PRO40 एक बेहतरीन कॉन्सेप्ट है, जिसे भारत के अन्य राज्यों में भी लागू किया जा सकता है।' उन्होंने इसे पिकलबॉल के भविष्य के लिए एक सकारात्मक और दूरदर्शी कदम बताया।
राष्ट्रीय स्तर की तैयारी का अहम मंच
PRO40 का आयोजन ऐसे समय में हो रहा है जब KPA नवंबर में IPA नेशनल्स की मेजबानी की तैयारी कर रहा है। चूंकि यह PWR 100-स्वीकृत इवेंट है, इसलिए यह कर्नाटक के खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर खेलने से पहले अपनी तैयारी और प्रदर्शन को परखने का बेहतरीन अवसर है।
प्रतिभा की पहचान का फ्लैगशिप प्रोग्राम
KPA के महासचिव बज़म जासिम ने बताया कि PRO40 एसोसिएशन का फ्लैगशिप टैलेंट आइडेंटिफिकेशन प्रोग्राम है। इसके तहत विभिन्न आयु वर्गों के अधिकतम 40 संभावित खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जो कर्नाटक का देश भर में प्रतिनिधित्व करेंगे। इन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने के लिए विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जाएगी ताकि वे खेल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।
खिलाड़ियों को निम्नलिखित सुविधाएं मिलेंगी:
- खेल उपकरण
- प्रशिक्षण सुविधाओं तक पहुंच
- स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोचिंग
- संपूर्ण सपोर्ट सिस्टम
कर्नाटक पिकलबॉल एसोसिएशन (KPA) के बारे में:
कर्नाटक पिकलबॉल एसोसिएशन पिकलबॉल के लिए आधिकारिक राज्य संस्था है, जो पूरे कर्नाटक में इस खेल को बढ़ावा देने और विकसित करने के लिए समर्पित है।
भारतीय पिकलबॉल एसोसिएशन (IPA) के बारे में:
भारतीय पिकलबॉल एसोसिएशन भारत में पिकलबॉल के लिए राष्ट्रीय खेल महासंघ है, जो देश भर में इस खेल के विकास और नियमों के संचालन लिए ज़िम्मेदार है।
