स्पोर्ट्स

Durand Cup 2026: डूरंड कप में हिस्सा लेंगी 24 टीम, सात करेंगी डेब्यू

डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट में इस साल 24 टीम हिस्सा लेंगी, जिनमें से सात टीम डेब्यू कर रही हैं। प्रतियोगिता के मुकाबले 25 जुलाई से 23 अगस्त तक पांच शहरों में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 25 जुलाई को कोलकाता में होगी। इस प्रतियोगिता में एक बार फिर इंडियन सुपर लीग क्लब, आई लीग टीमें, सेना की टीमें, उभरती हुई घरेलू टीमें और विदेशी टीमें एक साथ खेलेंगी।

Image

डूरंड कप 2026।

कोलकाता, (भाषा)। डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट में इस साल 24 टीम हिस्सा लेंगी, जिनमें से सात टीम डेब्यू कर रही हैं। प्रतियोगिता के मुकाबले 25 जुलाई से 23 अगस्त तक पांच शहरों में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 25 जुलाई को कोलकाता में होगी। इसके अलावा अगले चार हफ्तों में रांची, इम्फाल, शिलांग और गुवाहाटी में भी मैच खेले जाएंगे। फाइनल कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में होगा।

इस प्रतियोगिता में एक बार फिर इंडियन सुपर लीग क्लब, आई लीग टीमें, सेना की टीमें, उभरती हुई घरेलू टीमें और विदेशी टीमें एक साथ खेलेंगी। सात नई टीम में श्रीलंकाई सशस्त्र बलों की डिफेंडर्स एफसी और मेघालय प्रीमियर लीग चैंपियन नोंगसेह स्पोर्ट्स, सोशल एंड कल्चरल क्लब (एसएस एवं सीसी) शामिल हैं। कोलकाता एक बार फिर टूर्नामेंट का मुख्य केंद्र होगा। यहां विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन और किशोर भारती क्रीड़ांगन में दो ग्रुप के मैच, उद्घाटन मैच, दो क्वार्टर फाइनल, एक सेमीफाइनल और फाइनल खेला जाएगा।

26 जुलाई से शुरू होगी टूर्नामेंट

यह शहर रिकॉर्ड 17 बार की चैंपियन मोहन बागान सुपर जाइंट, 16 बार की विजेता ईस्ट बंगाल एफसी, मोहम्मडन एससी, साउथ यूनाइटेड एफसी, सीआईएसएफ, भारतीय सेना और नई टीम बागपत एफसी तथा समलेश्वरी स्पोर्टिंग की मेजबानी करेगा। रांची पहली बार डूरंड कप की मेजबानी करेगा। यहां बिरसा मुंडा स्टेडियम में 26 जुलाई से 16 अगस्त तक लीग मुकाबले और एक क्वार्टर फाइनल मैच खेला जाएगा। यह शहर जमशेदपुर एफसी, स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली, भारतीय वायु सेना और डिफेंडर्स एफसी की मेजबानी करेगा।

शिलांग में खेले जाएंगे मुकाबले

इम्फाल का खुमान लमपक स्टेडियम 28 जुलाई से 17 अगस्त तक लीग मुकाबलों और एक क्वार्टर फाइनल की मेजबानी करेगा। इस ग्रुप में स्थानीय क्लब टीआरएयू एफसी और नेरोका एफसी, भारतीय नौसेना और पदार्पण कर रही एफसी रेंगडाई शामिल हैं। शिलांग का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम 31 जुलाई से 20 अगस्त तक लीग मुकाबलों के अलावा और एक सेमीफाइनल मैच की मेजबानी करेगा। इस स्थल पर शिलांग लाजोंग एफसी, नोंगसेह एसएस एवं सीसी, लैंग्सनिंग एफसी और पदार्पण कर रहा मुंबई एफसी खेलेगा।

13 अगस्त तक खेले जाएंगे लीग मुकाबले

गुवाहाटी का इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम एक से 13 अगस्त तक लीग चरण के मुकाबलों की मेजबानी करेगा। मौजूदा चैंपियन नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी इस ग्रुप की मुख्य टीम है, जिसमें एफसी1, बोडोलैंड एफसी और कार्बी आंगलोंग मॉर्निंग स्टार एफसी भी शामिल हैं।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article