नई दिल्ली (भाषा)। मौजूदा एशियाई चैंपियन विश्वनाथ सुरेश (50 किग्रा) और विश्व मुक्केबाजी फ्यूचर्स कप की स्वर्ण पदक विजेता चंद्रिका भोरेश पुजारी (51 किग्रा) शुक्रवार से जकार्ता में शुरू हो रही अंडर-19 और अंडर-23 एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारत की अगुआई करेंगे।
भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) ने दोनों आयु वर्गों के लिए एक मजबूत और संतुलित टीम चुनी है। यह चैंपियनशिप भारत के युवा मुक्केबाजों के लिए एशिया के सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाजों के खिलाफ खुद को परखने का एक अहम मंच होगी। पुरुषों के अंडर-23 वर्ग में विश्वनाथ (50 किग्रा) के अलावा गंगा (55 किग्रा), सागर जाखड़ (60 किग्रा), वंशज (65 किग्रा), हितेश (70 किग्रा) और नीरज (75 किग्रा) को जगह मिली है।
टीम में आर्यन मलिक (80 किग्रा), रॉकी चौधरी (85 किग्रा), हेमंत सांगवान (90 किग्रा) और इशान कटारिया (90 किग्रा से अधिक) भी शामिल हैं। महिलाओं की अंडर-23 टीम की अगुवाई निधि (48 किग्रा) और तनु (51 किग्रा) करेंगी जबकि निशा (54 किग्रा) और प्राची (57 किग्रा) टीम की अन्य मुख्य खिलाड़ी हैं। टीम को निकिता चंद (60 किग्रा), काजल (65 किग्रा), शिवानी (70 किग्रा), मुस्कान (75 किग्रा), नैना (80 किग्रा) और प्रियंका (80 किग्रा से अधिक) की मौजूदगी से और मजबूती मिलेगी।
अंडर-19 वर्ग में चंद्रिका लड़कियों की टीम की अगुवाई करेंगी जिसमें गुंजन (48 किग्रा), चिरोम जॉयश्री देवी (54 किग्रा) और प्राची (57 किग्रा) जैसी प्रतिभाशाली मुक्केबाज शामिल हैं। लड़कों की अंडर-19 टीम में लैरेनलाकपम अंबेडकर मैतेई (50 किग्रा), आदित्य (55 किग्रा) और सिकंदर (60 किग्रा) जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
खिलाड़ियों के लिए नए मौके बन रहे हैं:- अनुराग ठाकुर
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि ’खेलो इंडिया’ जैसी पहल, खेल से जुड़े बुनियादी ढांचे के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक मौके मिलने से देश में खेल पारिस्थितिकी तंत्र बदल गया है और युवा खिलाड़ियों के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं। हमीरपुर के सांसद मंगलवार शाम को ’अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक सप्ताह’ के मौके पर आयोजित एक जागरूकता दौड़ में बोल रहे थे।
ठाकुर ने कहा, एक स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज और मजबूत देश की नींव है। अगर हम चाहते हैं कि अगली पीढ़ी नशे से दूर रहे और अनुशासित, आत्मविश्वासी और ऊर्जावान बने तो खेल और नियमित शारीरिक गतिविधि को रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बनाना होगा।
ठाकुर ने कहा कि यह जागरूकता दौड़ स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक सद्भाव, एकता और ’फिट इंडिया’ अभियान को बढ़ावा देने के लिए आयोजित की गई। उन्होंने यह भी बताया कि हमीरपुर में ’सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ बनाने की मंजूरी मिल गई है जिससे उभरते खिलाड़ियों को बेहतर ट्रेनिंग की सुविधाएं और अच्छे मौके मिलेंगे। टीम अभी राष्ट्रीय शिविर में ट्रेनिंग कर रही है।
