स्पोर्ट्स

वैभव सूर्यवंशी से भी छोटी 'जल परी' ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड, अपने ही देश की तैराक को हराकर जीता गोल्ड मेडल

चीन की 13 साल की तैराक यू जिडी ने रविवार को एशियाई खेलों में शानदार शुरुआत की। उन्होंने महिलाओं की 200 मीटर बटरफ़्लाई स्पर्धा में दबदबा बनाते हुए 2:05.08 का समय निकाला और गोल्ड मेडल जीतकर अपना पहला बड़ा खिताब हासिल किया। चीन की ही चांग मोहन ने 2:08.44 के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता।

Image

चीनी तैराक ने तैराकी में जीता गोल्ड मेडल। फोटो- Sports China (X handle)

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में चीन की 13 साल की तैराक यू जिडी ने अपने डेब्यू इवेंट में शानदार प्रदर्शन से दुनिया को हैरान कर दिया है। इस युवा जल परी ने महिलाओं की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में 2 मिनट 05.08 सेकंड का समय निकालते हुए एशियन गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। मेडल राउंड में यू जिडी ने हमवतन चांग मोहन को हराया।

यू जिडी ने अपनी हमवतन चांग मोहन को 3.36 सेकंड के बड़े अंतर से पीछे छोड़ते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। चांग मोहन ने 2:08.44 के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता। इस एशियन गेम्स में यू जिडी तीन व्यक्तिगत स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी। हालांकि, अपनी पहली ही स्पर्धा में करियर का पहला बड़ा इंडिविजुअल गोल्ड हासिल कर अपने नाम का डंका बजवा दिया है।

Yu Zidi Wins Gold

यू जिडी ने जीता गोल्ड मेडल।

12 साल की उम्र में बनाई पहचान

पिछले साल ही यू जिडी ने दुनिया भर में अपने आगाज की खबर दे दी थी। 12 साल की उम्र में यू जिडी विश्व तैराकी चैंपियनशिप के इतिहास में पदक जीतने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बनी थीं। उन्होंने 4x200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले स्पर्धा में बॉन्ज मेडल जीता था। जिडी का प्रदर्शन देख दुनिया के तैराक चकित रह गए थे।

ओलंपिक 2028 में पदक की सबसे बड़ी दावेदार

इसके अलावा वे तीन व्यक्तिगत स्पर्धाओं में चौथे स्थान पर रही थीं। इस साल मार्च में उन्होंने अमेरिका की ओलंपिक चैंपियन रीगन स्मिथ को हराकर दुनिया को चौंका दिया था। अब उनके इस दमदार प्रदर्शन के बाद यू जिडी को 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में पदक की सबसे बड़ी दावेदारों में से एक माना जा रहा है।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article