स्पोर्ट्स

अवसर को उपलब्धि में बदलें, एशियन गेम्स के लिए रवाना होने से पहले खेल मंत्री मांडविया का संदेश

एशियन गेम्स के लिए 503 सदस्यीय एथलीटों का दल जापान के लिए निकल चुका है। मांडविया ने भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित दल के विदाई समारोह में कहा,’’हमें एशियाई खेलों में अच्छा प्रदर्शन करके दबाव को प्रदर्शन में और मौकों को उपलब्धियों में बदलना है।

Image

मनसुख मांडविया (साभार-X)

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भाग लेने जा रहे भारतीय खिलाड़ियों से दबाव को प्रदर्शन में और अवसर को उपलब्धि में बदलने का आग्रह करते हुए कहा कि उन्हें पूरा यकीन है कि इन खेलों में भारत का प्रदर्शन अभूतपूर्व होगा। भारत का 503 सदस्यीय दल 17 सितंबर से जापान के आइची नागोया में शुरू हो रहे एशियाई खेलों में भाग लेगा। मांडविया ने भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित दल के विदाई समारोह में कहा,’’हमें एशियाई खेलों में अच्छा प्रदर्शन करके दबाव को प्रदर्शन में और मौकों को उपलब्धियों में बदलना है। विरोधी से डरना नहीं है , दबाव नहीं लेना है।

खिलाड़ी की सफलता देश की सफलता होती है और मुझे पूरा यकीन है कि एशियाई खेलों में अभूतपूर्व प्रदर्शन से देश में खेलों के क्षेत्र में काफी बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा,’’ भारत ने 2014 एशियाई खेलों में 57 पदक जीते थे जबकि 2023 खेलों में हमें 107 पदक मिले । पदकों में 53 प्रतिशत की यह बढोतरी देश में खेलों के इकोसिस्टम में बदलाव से हुई। ’’

उन्होंने पिछले एक दशक में देश में खेलों के इकोसिस्टम में आये बदलाव का जिक्र करते हुए कहा ,’’ देश में पिछले एक दशक में खेलों के क्षेत्र में बदलाव सभी ने देखा है और हम कदम दर कदम आगे बढ रहे हैं। खेलो इंडिया, राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम और खेलो भारत उसी की कड़ी है और हमने ओलंपिक की मेजबानी की इच्छा भी जताई है।’’

समारोह में अधिकांश खिलाड़ी और टीमें मौजूद नहीं थी जिनमें हाल ही में विश्व कप से लौटी भारतीय हॉकी टीमें और एथलेटिक्स के जाने माने नाम शामिल हैं । भारतीय हॉकी टीमें जापान रवाना हो गई हैं जबकि कई अन्य खिलाड़ी तैयारियों के अंतिम चरण में हैं। आईओए अध्यक्ष पी टी उषा ने कहा ,’’ टीम इंडिया , यह आपका पल है । मैदान पर उतरें तो तिरंगे की तरफ देखकर यह याद रखें कि 1.47 अरब भारतीय आपके साथ हैं । अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें, नतीजे खुद ब खुद मिलेंगे ।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article