अध्यात्म

Shani Margi 2025: शनि चलने लगे सीधी चाल, अपनी राशि से जानिए आपके लिए कैसा रहेगा आने वाला समय?

Shani Margi 2025: 28 नवंबर की सुबह महापरिवर्तन हो गया है। दरअसल न्यायधीश शनि ने अपनी चाल मे बदलाव किया है और वे वक्री की जगह मार्गी हो गए हैं, मतलब सीधी चाल चलने लगे हैं। शनि की सीधी चाल का असर सभी 12 राशियों पर होगा। आइए जानते हैं कि शनि की मार्गी चाल का असर सभी 12 राशि वालों पर क्या पड़ेगा।

शनि की मार्गी चाल का असर सभी 12 राशियों पर

शनि की मार्गी चाल का असर सभी 12 राशियों पर

Shani Margi 2025: 28 नवंबर 2025, शुक्रवार की सुबह ठीक 9 बजकर 20 मिनट पर न्याय के देवता शनि देव ने मीन राशि में अपनी वक्री चाल समाप्त कर मार्गी यानी सीधी चाल शुरू कर दी है। पिछले लगभग 138 दिनों मतलब 13 जुलाई 2025 से शनि वक्री थे, जिसकी वजह से हर क्षेत्र में कर्मों की गहन जांच-पड़ताल, देरी, बाधाएं और पुरानी गलतियों का पुनर्मूल्यांकन चल रहा था। शनि ने 29 मार्च 2025 को कुंभ से मीन राशि में प्रवेश किया था और अब मार्गी होने के साथ ही शनि देव कह रहे हैं कि अब समय कर्मों का फल भोगने का आ गया है। इस दौरान जिसने जैसा कर्म किया है, उसे वैसा ही फल मिलेगा।

मार्गी शनि मेहनत का पूरा-पूरा फल देते हैं, रुके हुए काम पूरे करवाते हैं और जीवन में स्थिरता व गति लाते हैं। यह परिवर्तन विशेष रूप से उन राशियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है जो साढ़े-साती, ढैय्या या कंटक शनि से पीड़ित थीं। मीन राशि में शनि का यह गोचर आध्यात्मिकता, करुणा और गहन परिवर्तन को बढ़ावा देगा।

वर्तमान में शनि की साढ़ेसाती का पहला चरण मेष राशि में चल रहा है। दूसरा चरण मीन राशि में और तीसरा चरण कुंभ राशि में हैं। वहीं, सिंह और धनु राशि वाले शनि की ढैय्या को झेल रहे हैं। ऐसे में शनि की सीधी चाल सभी 12 राशि वालों के लिए कैसी रहेगी आइए जानते हैं।

मेष राशि

शनि आपके 12वें भाव में मार्गी हो रहे हैं। इस कारण वे आपके खर्च, अस्पताल, विदेश, एकान्त और मोक्ष भाव को सक्रिय करेंगे। साढ़े-साती के प्रथम चरण के चलते पिछले महीनों में आपको अनावश्यक खर्च, मानसिक चिंता और स्वास्थ्य की परेशानी रही होगी। अब शनि के मार्गी होने से खर्चों में नियंत्रण आएगा, विदेश यात्रा या विदेशी स्रोतों से लाभ के योग बनेंगे। नींद की समस्या, पैरों या कमर की तकलीफ में राहत मिलेगी। पुराने अटके हुए कानूनी या चिकित्सा मामले सुलझेंगे। साढ़ेसाती अभी चल रही है, इसलिए धैर्य रखें, लेकिन राहत की शुरुआत हो चुकी है।

वृषभ राशि

शनि आपके 11वें भाव को प्रभावित करेंगे और धन-लाभ देकर राजा बनाएंगे। पिछले वक्री काल में आय के स्रोत रुके-रुके से लग रहे थे, मित्रों से निराशा हुई होगी। अब आय के नए-नए स्रोत खुलेंगे। इसके साथ ही प्रमोशन, अच्छा कमीशन या बड़े भाई-बहनों से सहायता मिलने के योग हैं। पुराने निवेश से मुनाफा होगा, मनोकामनाएं पूरी होंगी। अगले 4-5 महीने धन संचय और सामाजिक नेटवर्किंग के लिए गोल्डन पीरियड है। यह समय बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने का है।

मिथुन राशि

शनि की मार्गी चाल आपके 10वें भाव को प्रभावित करेगी। मार्गी शनि करियर को नई ऊंचाई देंगे। नौकरी या व्यवसाय में रुकावटें अब दूर होंगी, पदोन्नति या सरकारी अनुमोदन मिलेगा। पिता के स्वास्थ्य और उनके कार्यक्षेत्र में सुधार होगा। पिछले ढाई साल से करियर में स्थिरता की कमी थी, अब अचानक सब कुछ गति पकड़ेगा। नेतृत्व भूमिकाएं मिल सकती हैं। यह मिथुन वालों के लिए सबसे शुभ प्रभाव है। मेहनत अब फल देगी।

कर्क राशि

आपके 9वें भाव में शनि के मार्गी होने का असर होगा। शनि आपके भाग्य को पूरी तरह खोल देंगे। लंबी धार्मिक यात्राएं, गुरु या पिता का सहयोग, उच्च शिक्षा या कानूनी मामलों में सफलता के योग बनेंगे। विदेश यात्रा के अवसर बढ़ेंगे। वक्री काल में भाग्य साथ नहीं दे रहा था, अब अचानक सकारात्मक बदलाव दिखेगा। आध्यात्मिक रुचि बढ़ेगी, जो जीवन को नई दिशा देगी। कर्क वालों के लिए यह काल भाग्योदय का है।

सिंह राशि

शनि की ढैय्या आपके 8वें भाव को प्रभावित कर रही है। ढैय्या के कारण पुरानी बीमारियां, गुप्त शत्रु, अचानक हानि या रहस्यमयी घटनाएं परेशान कर रही थीं। शनि मार्गी होकर अब इन सबमें राहत देंगे। पुरानी बीमारी में सुधार होगा, इनहेरिटेंस, इंश्योरेंस या छिपे धन स्रोतों से लाभ मिलेगा। गुप्त विद्याएं जैसे ज्योतिष या ऑकल्ट में रुचि बढ़ेगी। ढैय्या का कष्ट अब धीरे-धीरे कम होगा, लेकिन स्वास्थ्य पर नजर रखें। यह समय गहन आत्म-मूल्यांकन का है।

कन्या राशि

आपके 7वें भाव को प्रभावित करते हुए शनि वैवाहिक जीवन और पार्टनरशिप को स्थिरता देंगे। अविवाहितों के लिए विवाह के प्रबल योग बनेंगे, जीवनसाथी के स्वास्थ्य या करियर में सुधार होगा। व्यापारिक साझेदारी में लाभ, यात्राएं सफल रहेंगी। वक्री काल में रिश्तों में तनाव था, अब विश्वास और सामंजस्य लौटेगा। कन्या राशि वालों के लिए दांपत्य सुख की बहाली का समय है।

तुला राशि

शनि आपके छठे भाव को प्रभावित करेंगे। मार्गी शनि शत्रुओं को परास्त करेंगे। नौकरी में प्रतियोगिता जीतेंगे, कर्ज चुकाने में आसानी होगी, कोर्ट-कचहरी के पुराने मामले पक्ष में आएंगे। लंबी बीमारियों से मुक्ति मिलेगी, दैनिक कार्यक्षमता बढ़ेगी। प्रतियोगी परीक्षा या जॉब इंटरव्यू में सफलता के प्रबल योग हैं। तुला वालों के लिए यह विजय और स्वास्थ्य सुधार का काल है।

वृश्चिक राशि

आपके 5वें भाव को शनि की मार्गी चाल प्रभावित करेगी। मार्गी शनि संतान सुख और रचनात्मकता देंगे। लव रिलेशनशिप मजबूत होंगे, रोमांस में गहराई आएगी। पढ़ाई-लिखाई में रुकावटें दूर होंगी, बुद्धि का सदुपयोग होगा। शेयर बाजार या सट्टेबाजी में सोच-समझकर निवेश करें तो बड़ा लाभ संभव है। संतान प्राप्ति या शिक्षा संबंधी शुभ समाचार मिलेंगे। वृश्चिक वालों के लिए प्रेम और सृजन का सुनहरा समय है।

धनु राशि

आपके चौथे भाव को शनि प्रभावित कर रहे हैं। ढैय्या के कारण माता का स्वास्थ्य, घरेलू क्लेश, वाहन-मकान में परेशानी बन रही है। मार्गी शनि अब मकान-वाहन का सुख देंगे, संपत्ति खरीद-बिक्री के योग बनेंगे। माता के स्वास्थ्य में सुधार होगा, घर का वातावरण शांत और सुखमय बनेगा। जमीन-जायदाद के विवाद सुलझेंगे। ढैय्या का प्रभाव अब कमजोर पड़ने लगेगा। धनु वालों के लिए पारिवारिक स्थिरता की वापसी होगी।

मकर राशि

मकर राशि वालों के तीसरे भाव को शनि प्रभावित करेंगे। मार्गी शनि साहस और आत्मविश्वास बढ़ाएंगे। छोटी-मोटी यात्राएं लाभकारी रहेंगी, भाई-बहनों से पूर्ण सहयोग मिलेगा। लेखन, मीडिया, मार्केटिंग, कम्युनिकेशन या बिक्री से जुड़े कार्यों में बड़ी सफलता मिलेगी। नया प्रोजेक्ट या बिजनेस आइडिया शुरू करने का साहस जागृत होगा। मकर राशि वालों के लिए ऊर्जा और नेटवर्किंग का काल है।

कुंभ राशि

आपके दूसरे भाव में साढ़े-साती के अंतिम चरण चलने के कारण धन हानि, पारिवारिक कलह और वाणी संबंधी समस्या रही होगी। मार्गी शनि अब धन संचय शुरू करवाएंगे, परिवार में शांति लौटेगी। वाणी में मधुरता आएगी, नेत्र-दांत-गले की पुरानी समस्या में राहत मिलेगी। जब शनि मीन से निकलकर मेष में प्रवेश करेंगे तब परेशानियों से पूरी मुक्ति मिलेगी। कुंभ वालों के लिए अंतिम धैर्य का फल मिलने वाला समय है।

मीन राशि

आपके लग्न यानी पहले भाव में ही शनि हैं। आपके ऊपर साढ़ेसाती का दूसरा चरण चल रहा है। जो सबसे कष्टदायक होता है। हालांकि मार्गी होने से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी। इस दौरान शारीरिक थकान, मानसिक तनाव और आत्मविश्वास की कमी में कमी आएगी। निर्णय क्षमता मजबूत होगी, लेकिन खर्च और स्वास्थ्य पर अभी प्रभाव रहेगा। आध्यात्मिकता बढ़ेगी, जो सहारा बनेगी। शनि की पूजा, काले तिल का दान और मंत्र जप निरंतर करें। मीन वालों के लिए धैर्य ही सफलता की कुंजी है।

शनि मार्गी का मेष राशि पर प्रभाव

शनि मार्गी का वृषभ राशि पर प्रभाव

शनि मार्गी का मिथुन राशि पर प्रभाव

शनि मार्गी का कर्क राशि पर प्रभाव

शनि मार्गी का सिंह राशि पर प्रभाव

शनि मार्गी का कन्या राशि पर प्रभाव

शनि मार्गी का तुला राशि पर प्रभाव

शनि मार्गी का वृश्चिक राशि पर प्रभाव

शनि मार्गी का धनु राशि पर प्रभाव

शनि मार्गी का मकर राशि पर प्रभाव

शनि मार्गी का कुंभ राशि पर प्रभाव

शनि मार्गी का मीन राशि पर प्रभाव

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

लेटेस्ट न्यूज

Mohit Tiwari
Mohit Tiwari Author

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ... और देखें

End of Article