देश

गुजरात ATS को बड़ी सफलता, जैश से जुड़े संदिग्ध को पकड़ा, वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन पर हमले की थी साजिश, ऑटोमेटिक असॉल्ट राइफल बरामद

DIG सुनील जोशी के मुताबिक, गुजरात ATS को डिप्टी SP हर्ष उपाध्याय के जरिए सूचना मिली थी कि दूसरे राज्य का एक व्यक्ति जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हुआ है और ऑटोमेटिक असॉल्ट राइफल के साथ गुजरात में किसी सुरक्षा प्रतिष्ठान पर हमला करने की तैयारी कर रहा है।

Image

गुजरात ATS की गिरफ्त में जैश से जुड़ा संदिग्ध।

गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने असम के 22 वर्षीय युवक को AK-47 जैसी बनावट वाली ऑटोमेटिक असॉल्ट राइफल, 23 जिंदा कारतूस और जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े संदिग्ध दस्तावेजों और डिजिटल सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है। ATS का दावा है कि आरोपी गुजरात में एक महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठान पर आतंकी हमला करने की योजना बना रहा था। जांच में वडोदरा स्थित एयरफोर्स स्टेशन के गेट की तस्वीरें, उसकी रेकी के वीडियो और लोकेशन से जुड़े डिजिटल सबूत मिले हैं।

आरोपी की पहचान असम के करीमगंज निवासी मोहम्मद शहेरुल इस्लाम कबीरुद्दीन (22) के रूप में हुई है। गुजरात ATS के DIG सुनील जोशी ने बताया कि आरोपी एक साल से ज्यादा समय से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक हैंडलर के संपर्क में था। हैंडलर की ओर से उसे कथित तौर पर एक खास टारगेट दिया गया था। इसके अलावा उसे अपनी पसंद से दूसरे सुरक्षा प्रतिष्ठानों को भी निशाना बनाने के निर्देश दिए गए थे। ATS के मुताबिक, आरोपी हमले को अंजाम देने के बाद पाकिस्तान जाने और जैश-ए-मोहम्मद में शामिल होने की योजना बना रहा था।

होटल से मिली जानकारी के बाद शुरू हुई तलाश

DIG सुनील जोशी के मुताबिक, गुजरात ATS को डिप्टी SP हर्ष उपाध्याय के जरिए सूचना मिली थी कि दूसरे राज्य का एक व्यक्ति जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हुआ है और ऑटोमेटिक असॉल्ट राइफल के साथ गुजरात में किसी सुरक्षा प्रतिष्ठान पर हमला करने की तैयारी कर रहा है। वह कुछ दिनों के भीतर गुजरात आने वाला था। SP के. सिद्धार्थ और SP के.के. पटेल के नेतृत्व में इस इनपुट को विकसित करने के लिए टीम बनाई गई। तकनीकी और ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए संदिग्ध की जानकारी जुटाई गई।

जांच में पता चला कि आरोपी अपना नियमित मोबाइल फोन बंद करके वडोदरा आया था और रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल मिलन में रुका था। ATS ने होटल के रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि वह सुबह करीब 9 बजे बिना चेकआउट की प्रक्रिया पूरी किए होटल से निकल गया था। हालांकि, उसने होटल का पूरा भुगतान किया था और अपना सामान भी साथ ले गया था। होटल में दिए गए फोन नंबर और आधार कार्ड से मिली जानकारी के आधार पर ATS ने उसके नए मोबाइल नंबर की जांच की। तकनीकी इनपुट से पता चला कि वह दाहोद से वडोदरा की तरफ आ रहा है। इसके बाद ATS की टीमों ने कई जगहों पर नाकाबंदी की। फोन नंबर को ट्रैक करते हुए टीम ने हालोल-वडोदरा रोड पर होटल दर्शन के आसपास पालेडी बस स्टैंड के पास बैकपैक लेकर जा रहे आरोपी को हिरासत में लिया।

बैग से AK-47 जैसी राइफल, 23 कारतूस और जैश का झंडा मिला

-AK-47 जैसी बनावट वाली ऑटोमेटिक असॉल्ट राइफल

- दो खाली मैगजीन

- 23 जिंदा कारतूस

- जैश-ए-मोहम्मद का झंडा

- मोबाइल फोन और सिम कार्ड

- करीब 20 हजार रुपये नकद

DIG सुनील जोशी ने बताया कि आरोपी को यह हथियार डेड ड्रॉप तरीके से मिला था। वडोदरा में रेकी करने के बाद वह दोबारा दाहोद गया था। दाहोद के बाहरी इलाके में उसके हैंडलर ने उसे एक लोकेशन दी थी। आरोपी वहां पहुंचा और जमीन खोदकर छिपाया गया हथियार निकालकर ले आया। हथियार का वास्तविक स्रोत अभी स्पष्ट नहीं है। DIG जोशी ने कहा कि फिलहाल यह नहीं बताया जा सकता कि यह हथियार कहां से आया था। हालांकि, सामान्य तौर पर इस तरह के हथियार पाकिस्तान से आने की बात सामने आती है।

रेकी के वीडियो भी मिले

ATS के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन के गेट और अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं की तस्वीरें मिलीं। कुछ तस्वीरों में खास जगहों पर लाल रंग के क्रॉस के निशान लगाए गए थे। आरोपी ने कथित तौर पर इन जगहों को टारगेट के रूप में पहचाना था। जांच में एयरफोर्स स्टेशन की रेकी करते हुए बनाए गए वीडियो, गूगल मैप्स के स्क्रीनशॉट, कई लिंक, ऑडियो-वीडियो क्लिप और व्हाट्सऐप चैनल व ग्रुप के लिंक भी मिले हैं। मोबाइल में AK-47 जैसी राइफल को चलाने और उसके पुर्जों की कार्यप्रणाली समझने से जुड़े वीडियो और ऑनलाइन सर्च भी मिले हैं। DIG जोशी के अनुसार, आरोपी को इस कार्रवाई के लिए एक खास टारगेट दिया गया था। इसके अलावा उसे सामान्य निर्देश भी मिले थे कि वह अपनी तरफ से किसी अन्य सुरक्षा प्रतिष्ठान को चुन सकता है।

हैंडलर ने दिए थे 50 हजार रुपये

ATS के मुताबिक, आरोपी का हैंडलर मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्ला है, जो कथित तौर पर जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हुआ है। DIG जोशी ने बताया कि आरोपी को नए मोबाइल फोन की खरीद, यात्रा, होटल में ठहरने और अन्य लॉजिस्टिक जरूरतों के लिए हैंडलर की ओर से 50 हजार रुपये दिए गए थे। हालांकि, तलाशी के दौरान आरोपी के पास से करीब 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए। ATS का दावा है कि आरोपी हमले को अंजाम देने के बाद पाकिस्तान जाने और वहां जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़ने की इच्छा रखता था।

एक साल से ज्यादा समय से हैंडलर के संपर्क में था आरोपी

DIG सुनील जोशी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी एक साल से अधिक समय से अपने कथित हैंडलर के संपर्क में था। उसने AK-47 जैसी राइफल के पुर्जों की कार्यप्रणाली और उसे चलाने के तरीके के बारे में ऑनलाइन ट्रेनिंग ली थी। आरोपी के मोबाइल में जैश-ए-मोहम्मद से संबंधित कई ऑडियो-वीडियो भी मिले हैं। ATS के मुताबिक, इनमें मौलाना मसूद अजहर और उसके परिवार से जुड़े वीडियो और बयान शामिल हैं। जोशी ने बताया कि आरोपी असम के करीमगंज का रहने वाला है। उसका परिवार सामान्य मजदूरी करता है और आरोपी ने मदरसे में पढ़ाई की है। उसके पारिवारिक और अन्य संपर्कों की जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ जारी है।

फोन डेटा, पेमेंट और हैंडलर की जांच कर रही ATS

ATS अब आरोपी के मोबाइल फोन का विस्तृत डेटा निकालकर उसके संपर्कों, कथित हैंडलर और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है। जब्त किए गए मोबाइल फोन को फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) भेजने की प्रक्रिया भी की जा रही है। DIG जोशी के मुताबिक, जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपी ने पहले किन-किन जगहों की यात्रा की थी, लंबे समय तक फोन बंद रहने के दौरान वह कहां गया था और क्या वह किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में भी था। इस कार्रवाई में केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की मदद ली गई है। ATS असम पुलिस के साथ भी समन्वय कर रही है।

मामले की जांच जारी

मामले में गुजरात ATS पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 08/2026 दर्ज की गई है। इसमें गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 18, 20, 23(1) और 38, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61, 148 और 149 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-AA) लगाई गई हैं। आरोपी को संबंधित अदालत में पेश करने की कार्रवाई जारी है। मामले की आगे की जांच में कथित आतंकी नेटवर्क और अन्य संभावित संपर्कों का पता लगाया जा रहा है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article