देश

ब्रिटेन में नीलाम होगा ताजमहल का संगमरमर, कितने लाख से शुरू होगी बोली?

Taj Mahal: आगरा के ताजमहल से ब्रिटिश शासन के दौरान ईस्ट इंडिया कंपनी के अधिकारी कर्नल पाउनोल फिप्स द्वारा निकाली गई नक्काशीदार संगमरमर की पट्टिका की 9 दिसंबर को ब्रिटेन में नीलामी होगी। 200 साल से अधिक समय तक उनके परिवार के पास रही इस ऐतिहासिक पट्टिका की कीमत 20 हजार से 30 हजार पाउंड यानी करीब 24 से 36 लाख रुपये तक मिलने का अनुमान है।

Image

ताजमहल से निकले संगमरमर की होगी निलामी। istock

Photo : iStock

Taj Mahal: आगरा स्थित विश्व प्रसिद्ध ताजमहल से ब्रिटिश शासन के दौरान ईस्ट इंडिया कंपनी के एक अधिकारी द्वारा निकाली गई नक्काशीदार संगमरमर की पट्टिका की नीलामी अगले महीने ब्रिटेन में की जाएगी। इस ऐतिहासिक पट्टिका की कीमत 20 हजार से 30 हजार पाउंड (करीब 24 से 36 लाख रुपये) तक मिलने का अनुमान है।

यह आयताकार पट्टिका उन दो पट्टिकाओं में से एक है, जिन्हें कर्नल पाउनोल फिप्स ने 1816 में आगरा और आसपास की इमारतों की मरम्मत के अधीक्षक के रूप में अपना कार्यकाल खत्म होने पर एकत्र किया था। इसे 9 दिसंबर को लायन एंड टर्नबुल नीलामीकर्ता की ओर से आयोजित 'इस्लामिक और भारतीय कला' से जुड़ी वस्तुओं की नीलामी में रखा जाएगा।

पट्टिका के साथ ताजमहल की पुरानी तस्वीर और दो पत्र भी

नीलामीकर्ता की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, संगमरमर की इस पट्टिका के साथ ताजमहल की एक पुरानी श्वेत-श्याम तस्वीर और दो पत्र भी शामिल हैं। इनमें से एक पत्र कर्नल पाउनोल के पोते ने छपवाया था, जबकि दूसरा मार्क्वेस ऑफ बाथ ने अपने हाथों से लिखा था। कर्नल के बेटे के संस्मरणों के मुताबिक, उनके पिता को ये वस्तुएं ताजमहल के भूमिगत हिस्से में मिली थीं। उन्हें लगा था कि इनका इस्तेमाल मुगलकालीन स्मारक की मरम्मत के लिए किया जाना था।

कौन थे कर्नल पाउनोल फिप्स?

कर्नल पाउनोल फिप्स का जन्म 1780 में इंग्लैंड के डेवोन में हुआ था। उनका परिवार 17वीं सदी की शुरुआत से ही सैनिक सेवाओं से जुड़ा था। फिप्स ने 1799 में ईस्ट इंडिया कंपनी की बंगाल सेना में कैडेट के तौर पर अपना करियर शुरू किया था। भारत में ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के दौरान उन्होंने कई जिम्मेदारियां संभालीं। इनमें ताजमहल और अन्य ऐतिहासिक इमारतों की देखरेख भी शामिल थी।

200 साल से ज्यादा समय तक परिवार के पास रही पट्टिका

भारत के तत्कालीन गवर्नर जनरल ने 1816 में कर्नल फिप्स को 'लोअर प्रोविंसेस' में इमारतों का अधीक्षक नियुक्त किया था। इस जिम्मेदारी के चलते उन्हें आगरा छोड़कर तत्कालीन कलकत्ता जाना पड़ा। कर्नल फिप्स और उनका परिवार 1823 में ब्रिटेन लौट गया। 1858 में वहीं उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद ताजमहल से जुड़ी यह संगमरमर की पट्टिका 200 साल से ज्यादा समय तक उनके परिवार के निजी संग्रह में रही।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article