बिजनेस

नवंबर में FII ने बरसाए 1.22 लाख करोड़, SBI Securities ने बताया कहां आया कितना पैसा?

भारतीय शेयर बाजार पर नवंबर 2026 में जमकर पैसा बरस रहा है। इस महीने अब तक रिकॉर्ड 1.22 लाख करोड़ का इनफ्लो हुआ है। SBI Securities की एक रिपोर्ट में बताया गया है किस सेक्टर को कितना पैसा मिला?

Image

विदेशी निवेशकों ने बढ़ाया निवेश

FII Investment November 2026 SBI Securities : भारतीय शेयर बाजार में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) की दिलचस्पी में नवंबर के पहले पखवाड़े में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। विदेशी निवेशकों ने खासतौर पर फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में जमकर खरीदारी की है। इस दौरान सेक्टर में 42,935 करोड़ रुपये का नेट निवेश आया। IT और टेलीकॉम सेक्टर में भी विदेशी निवेशकों ने पैसा लगाया। दूसरी तरफ कैपिटल गुड्स और केमिकल्स सेक्टर में बिकवाली जारी रही। कंज्यूमर सर्विसेज सेक्टर से भी FPI ने पैसा निकाला।

फाइनेंशियल सर्विसेज में दो साल की सबसे बड़ी खरीदारी

FPI की खरीदारी के लिहाज से फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर सबसे आगे रहा। नवंबर के पहले पखवाड़े में इस सेक्टर में 42,935 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो दर्ज किया गया। खास बात यह है कि यह सितंबर 2024 में आए 29,716 करोड़ रुपये के निवेश के बाद सबसे बड़ा पाक्षिक निवेश है। इस खरीदारी का असर शेयरों पर भी दिखाई दिया। फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स में नवंबर के पहले पखवाड़े में 12.72% की तेजी आई, जबकि इस दौरान निफ्टी 9.07% चढ़ा। इंडेक्स अपने प्रमुख शॉर्ट और लॉन्ग टर्म मूविंग एवरेज से ऊपर कारोबार कर रहा है और अपने ऑल टाइम हाई के करीब है।BSE, HDFC बैंक, ICICI बैंक और कोटक बैंक के शेयरों में मजबूत प्राइस एक्शन देखने को मिल रहा है।

IT और टेलीकॉम में भी विदेशी निवेशकों का भरोसा

IT सेक्टर में नवंबर के पहले पखवाड़े में 5,130 करोड़ रुपये का नेट निवेश आया। इससे पहले अक्टूबर में भी विदेशी निवेशकों ने इस सेक्टर में 13,514 करोड़ रुपये लगाए थे। जुलाई से नवंबर के पहले पखवाड़े तक IT सेक्टर में कुल 25,107 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो दर्ज किया गया।

तकनीकी संकेत भी इस सेक्टर में तेजी की संभावना दिखा रहे हैं। IT इंडेक्स 33,620-33,650 के स्तर को पार करता है तो इसमें तेजी का अगला दौर शुरू हो सकता है। HCL टेक, TCS, इंफोसिस और टेक महिंद्रा के शेयरों का प्राइस एक्शन सकारात्मक है।

टेलीकॉम सेक्टर में भी नवंबर के पहले पखवाड़े में 7,570 करोड़ रुपये का निवेश आया। अक्टूबर में यह आंकड़ा 7,135 करोड़ रुपये था। जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO के बाद इस सेक्टर में विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है। हालांकि, जनवरी से सितंबर तक हुई भारी बिकवाली को देखते हुए अभी इसे स्थायी ट्रेंड में बदलाव मानना जल्दबाजी होगी। भारती एयरटेल का प्राइस एक्शन मजबूत बना हुआ है।

कैपिटल गुड्स और केमिकल्स में बिकवाली

कैपिटल गुड्स सेक्टर में विदेशी निवेशकों ने नवंबर के पहले पखवाड़े में 3,781 करोड़ रुपये निकाले। इससे पहले के दो महीनों में भी 6,207 करोड़ रुपये की बिकवाली हुई थी। जून से अब तक इस सेक्टर में कुल नेट आउटफ्लो 19,692 करोड़ रुपये पहुंच गया है। तकनीकी चार्ट पर BSE कैपिटल गुड्स इंडेक्स में बेयरिश फ्लैग एंड पोल पैटर्न बना है। APL Apollo, Astral, BDL, CG Power, Cummins India, KEI, Kaynes, Polycab और Thermax जैसे शेयर कमजोर प्राइस एक्शन दिखा रहे हैं। केमिकल्स सेक्टर में भी नवंबर के पहले पखवाड़े में 370 करोड़ रुपये का आउटफ्लो हुआ। अक्टूबर में 821 करोड़ रुपये की बिकवाली हुई थी। Aarti Industries, Atul, Deepak Nitrite, PI Industries और Chambal Fertilizers जैसे शेयरों में कमजोरी के संकेत हैं।

कंज्यूमर सर्विसेज से निकाले पैसे

कंज्यूमर सर्विसेज सेक्टर में नवंबर के पहले पखवाड़े में 6,519 करोड़ रुपये की निकासी हुई। अक्टूबर में भी 2,593 करोड़ रुपये निकाले गए थे। हालांकि, जून से अब तक इस सेक्टर में कुल 26,046 करोड़ रुपये का नेट निवेश बना हुआ है। Eternal, Nykaa, ITC Hotels, Leela Hotels और Trent के शेयरों का प्राइस एक्शन मजबूत बताया गया है। कुल मिलाकर नवंबर के पहले पखवाड़े के आंकड़े बताते हैं कि विदेशी निवेशक चुनिंदा सेक्टरों में आक्रामक खरीदारी कर रहे हैं, जबकि कैपिटल गुड्स और केमिकल्स जैसे क्षेत्रों से दूरी बना रहे हैं।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article