अध्यात्म

दिसंबर में कब लगेगा आर्द्रा नक्षत्र 2026, क्या इस नक्षत्र में नहीं करते शादी, जानें शिवजी और राहु से कैसे जुड़ा है ये

Ardra Nakshatra December 2026: दिसंबर 2026 में आर्द्रा नक्षत्र कब लगेगा और कब समाप्त होगा? जानें इस नक्षत्र में विवाह करना शुभ है या नहीं और इससे जुड़ी धार्मिक व ज्योतिषीय मान्यताएं।

Image

दिसंबर 2026 में आर्द्रा नक्षत्र कब से शुरू होगा, क्या शादी-विवाह के लिए ये नहीं माना जाता है शुभ

Ardra Nakshatra December 2026 : शादी की तारीख तय करना सिर्फ एक दिन चुनने जैसा नहीं होता। घर में शादी की बात शुरू होते ही सबसे पहले पंचांग देखा जाता है। तिथि, वार, नक्षत्र और लग्न तक का हिसाब लगाया जाता है। हिंदू धर्म में विवाह को जीवन के सबसे महत्वपूर्ण संस्कारों में से एक माना गया है। यही वजह है कि शुभ मुहूर्त निकालते समय छोटी से छोटी बात का ध्यान रखा जाता है। इन्हीं नक्षत्रों में एक है आर्द्रा नक्षत्र। दिसंबर 2026 में भी यह नक्षत्र लगने वाला है। ऐसे में सवाल उठता है कि आर्द्रा नक्षत्र में शादी करना शुभ माना जाता है या नहीं?

दिसंबर 2026 में कब लगेगा आर्द्रा नक्षत्र

पंचांग के अनुसार, दिसंबर 2026 में आर्द्रा नक्षत्र 24 दिसंबर, गुरुवार को लगेगा। यह नक्षत्र सुबह 4 बजकर 53 मिनट पर शुरू होगा और 25 दिसंबर की रात 1 बजकर 47 मिनट तक रहेगा। इसके बाद पुनर्वसु नक्षत्र शुरू हो जाएगा।

आर्द्रा नक्षत्र भगवान शिव और राहु से कैसे जुड़ा है

आर्द्रा नक्षत्र का संबंध भगवान शिव के रुद्र स्वरूप से माना जाता है। ज्योतिष में इसके स्वामी राहु हैं। इस नक्षत्र का नाम सुनते ही बारिश, आंसू और तूफान जैसी छवियां सामने आती हैं। हालांकि, इसका अर्थ केवल अशुभता से नहीं है। इसे बदलाव, संघर्ष के बाद नई शुरुआत और पुराने विचारों को छोड़ने से भी जोड़कर देखा जाता है।

आर्द्रा नक्षत्र में विवाह करना शुभ है या नहीं

विवाह के मुहूर्त में नक्षत्र की भूमिका काफी अहम मानी जाती है। पारंपरिक ज्योतिष में रोहिणी, मृगशिरा, मघा, उत्तराफाल्गुनी, हस्त, स्वाती, अनुराधा, मूल, उत्तराषाढ़ा, उत्तराभाद्रपद और रेवती जैसे नक्षत्रों को विवाह के लिए अनुकूल माना जाता है।

आर्द्रा नक्षत्र का नाम आमतौर पर विवाह के प्रमुख शुभ नक्षत्रों में शामिल नहीं किया जाता। इसकी तीक्ष्ण प्रकृति के कारण कई ज्योतिषीय परंपराओं में इसे विवाह जैसे मांगलिक संस्कार के लिए प्राथमिकता नहीं दी जाती।

इसके पीछे एक धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यता भी है। विवाह को दो लोगों के बीच प्रेम, विश्वास और स्थिरता का रिश्ता माना जाता है। वहीं आर्द्रा नक्षत्र को जीवन में उथल-पुथल, बदलाव और भावनात्मक संघर्ष से जोड़कर देखा जाता है। इसलिए विवाह के लिए इसकी जगह दूसरे अनुकूल नक्षत्रों को चुनने की सलाह दी जाती है।

हालांकि, किसी नक्षत्र को अकेले देखकर विवाह का मुहूर्त तय नहीं किया जाता। तिथि, लग्न, ग्रहों की स्थिति और वर-वधू की कुंडली भी देखी जाती है।

दिसंबर में आर्द्रा नक्षत्र के दौरान क्यों नहीं होगी शादी

दिसंबर 2026 में आर्द्रा नक्षत्र 24 तारीख को लग रहा है। इस समय तक खरमास भी शुरू हो चुका होगा। हिंदू मान्यताओं में खरमास के दौरान विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों से परहेज किया जाता है।

यही वजह है कि दिसंबर के आखिरी दिनों में विवाह की योजना बनाने वाले परिवारों को पंचांग देखकर ही तारीख तय करनी चाहिए। केवल नक्षत्र या किसी खास दिन को देखकर शादी का फैसला करना ठीक नहीं है।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article