Guru Ravidas 650th Prakash Parv: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को भव्य स्तर पर मनाने की घोषणा की है। इस अवसर पर 4 से 6 दिसंबर तक पंजाब के खुरालगढ़ में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय समागम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को चंडीगढ़ में उच्चस्तरीय बैठक कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि प्रकाश पर्व के अवसर पर वाराणसी, फरीदकोट, बठिंडा और जम्मू से चार विशाल शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। संत समाज के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाली ये यात्राएं 3 दिसंबर को खुरालगढ़ पहुंचकर संपन्न होंगी। इनका उद्देश्य गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
4 से 6 दिसंबर तक होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के मुताबिक, तीन दिवसीय आयोजन की शुरुआत 4 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ के साथ होगी। इस दौरान गुरु रविदास जी के जीवन और दर्शन पर आधारित विशेष प्रदर्शनी, संत सम्मेलन, कथा और कीर्तन दरबार आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में 3-डी प्रोजेक्शन और ड्रोन शो भी होंगे।
5 दिसंबर को खुरालगढ़ में विशाल नगर कीर्तन सजाया जाएगा। इसके साथ ही गुरु रविदास जी की बाणी पर विशेष कॉन्फ्रेंस, कथा और कीर्तन दरबार का आयोजन होगा। वहीं, 6 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के साथ तीन दिवसीय समागम का समापन किया जाएगा। इस दिन बेगमपुरा समागम समेत कई धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम भी होंगे।
13 हजार गांवों तक पहुंचेगा गुरु रविदास जी का संदेश
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व केवल तीन दिनों का आयोजन नहीं है, बल्कि इसके तहत पूरे साल कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें सेमिनार, वर्कशॉप, विशेष कीर्तन समागम और स्कूल स्तरीय प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसके अलावा पंजाब के 13 हजार गांवों में डॉक्यूमेंट्री फिल्मों की स्क्रीनिंग और 90 विधानसभा क्षेत्रों में ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे। मैराथन, रक्तदान शिविर और पौधरोपण अभियान भी इस पहल का हिस्सा हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास जी का बेगमपुरा दर्शन समानता, भाईचारे, स्वाभिमान और सामाजिक न्याय पर आधारित है। उनकी शिक्षाएं ऐसे समाज की कल्पना करती हैं, जहां जाति और सामाजिक भेदभाव के बिना हर व्यक्ति को समान अधिकार और सम्मान मिले। सरकार का उद्देश्य इन विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
