अध्यात्म

Kamika Ekadashi 2026: आज नहीं रख पाए कामिका एकादशी का व्रत तो करें ये 3 उपाय, विष्णु कृपा से पूरी हो सकती हैं इच्छाएं

Kamika Ekadashi 2026 Upay: आज 9 अगस्त 2026 को कामिका एकादशी का व्रत रखा जा रहा है। यदि किसी कारण से आप एकादशी का व्रत नहीं रख पाए हैं तो ऐसी स्थिति में कुछ विशेष उपायों को करके भी विष्णु जी को खुश कर सकते हैं। चलिए जानें इन्हीं अचूक उपायों के बारे में।

Image

कामिका एकादशी पर कौन से उपाय करें?

Kamika Ekadashi Upay 2026: कामिका एकादशी को साल में आने वाली 24 एकादशियों में काफी महत्वपूर्ण माना जाता है, जिसका व्रत हर साल श्रावण यानी सावन माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि को रखा जाता है। द्रिक पंचांग के अनुसार, इस बार कल 8 अगस्त 2026 की दोपहर 01 बजकर 59 मिनट से श्रावण कृष्ण एकादशी तिथि का आरंभ हुआ है, जो आज 9 अगस्त को सुबह 11 बजकर 4 मिनट पर समाप्त होगी। ऐसे में कामिका एकादशी का व्रत आज 9 अगस्त 2026 को रखा जा रहा है। शास्त्रों में बताया गया है कि जो व्यक्ति विधि-विधान से कामिका एकादशी का व्रत पूर्ण करता है, उसे वाजपेय यज्ञ के समान फल मिलता है व पापों और जीवन के तमाम कष्टों से मुक्ति मिलती है।

हालांकि, किसी कारण से आज आप कामिका एकादशी का व्रत नहीं रख पाए हैं तो ऐसी स्थिति में कुछ विशेष उपाय भी कर सकते हैं। पौराणिक शास्त्रों में विष्णु जी को खुश करने के विभिन्न उपाय बताए गए हैं, जिन्हें सच्चे मन और पूरी विधि से करने से कामिका एकादशी के व्रत के समान फल मिल सकता है। आइए अब जानें कामिका एकादशी के दिन किए जाने वाले सरल व प्रभावशाली उपायों के बारे में।

कामिका एकादशी के अचूक उपाय

  • कामिका एकादशी के दिन भगवान विष्णु के साथ-साथ देवी तुलसी की पूजा करना भी शुभ रहता है। देवी तुलसी पूर्वजन्म में वृंदा नाम की देवी थीं, जिनका विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप से हुआ था। इस दिन शाम के समय तुलसी के पौधे के पास शुद्ध घी का दीपक जलाएं। इस दौरान 3, 5, 7 या 11 बार 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करें। तुलसी के पौधे की 7, 11 या 108 बार परिक्रमा करें। अंत में आरती करें और अपनी इच्छा को व्यक्त करें।
  • विष्णु सहस्रनाम में जगत के पालनहार भगवान विष्णु के एक हजार दिव्य नामों का वर्णन है, जिसे पढ़ने से श्री हरि की विशेष कृपा प्राप्त होती है। खासकर, कामिका एकादशी के दिन विष्णु सहस्रनाम का सच्चे मन से पाठ करने से मानसिक, शारीरिक और आर्थिक परेशानियों से मुक्ति मिलती है। साथ ही घर में सुख-समृद्धि का वास होता है।
  • पौराणिक शास्त्रों में बताया गया है कि कामिका एकादशी के दिन जो लोग सच्चे मन से दान करते हैं, उन्हें महापुण्य मिलता है। इस दिन आप विष्णु जी की कृपा पाने के लिए सात प्रकार के अनाज, पीले रंग के कपड़े, मौसमी फल, देसी घी, अरहर या मूंग की दाल, चीनी, सफेद तिल, तांबे के बर्तन, जल, छाता और धन का दान कर सकते हैं। इसके अलावा दीपदान से भी श्री हरि खुश होते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: आज कामिका एकादशी पर इस विधि से करें पूजा, जानें व्रत के नियम

कामिका एकादशी के दिन क्या न करें?

यदि आपने आज कामिका एकादशी का व्रत नहीं रखा है तो भी कुछ नियमों का पालन जरूर करें। आज आप अपने बाल और नाखून न काटें। चावल, अनाज और तामसिक चीजों का सेवन न करें। जितना हो सके, उतना लड़ाई-झगड़े से दूर रहें और अपने मन को विष्णु जी की भक्ति में लगाएं। देवी तुलसी की पूजा करें, लेकिन पौधे में पानी अर्पित न करें और न ही पत्ते तोड़ें।

Nidhi Jain
निधि जैनauthor

निधि जैन Times Now नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के तौर पर जुड़ी हैं। इन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 4 साल से ज्यादा का अनुभव है। पढ़ने और लिखने के प्रति इनकी रुचि ही इन्हें जर्नलिज्म की ओर लेकर आई। निधि अब तक हेल्थ, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों पर 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article