Indresh Upadhyay Wedding: प्रसिद्ध युवा कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय 5 दिसंबर 2025 को वैवाहिक बंधन में बंधने जा रहे हैं। उनकी शादी राजस्थान की राजधानी जयपुर के आमेर स्थित लग्जरी होटल ताज आमेर पैलेस में होने वाली है। दुल्हन का नाम शिप्रा शर्मा है, जो मूल रूप से हरियाणा के यमुनानगर की रहने वाली हैं और फिलहाल उनका परिवार पंजाब के अमृतसर में रहता है।
कौन हैं इंद्रेश उपाध्याय की दुल्हन शिप्रा शर्मा?
शिप्रा शर्मा एक साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आती हैं। उनके पिता पंडित हरेंद्र शर्मा उत्तर प्रदेश पुलिस में डीएसपी के पद से रिटायर्ड हो चुके हैं। दोनों परिवारों के बीच वर्षों पुराना पारिवारिक संबंध और घनिष्ठता है, जिसकी वजह से यह रिश्ता सहज तरीके से तय हुआ। अभी तक शिप्रा की कोई तस्वीर सार्वजनिक नहीं की गई है। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स की माने तो शिप्रा की मुलाकात कथावाचक इंद्रेश से एक आध्यात्मिक कार्यक्रम के दौरान हुई थी, जो अब शादी में बदलने वाली है।
गुलाबी शहर जयपुर में होगी शादी
विवाह 5 दिसंबर 2025 (शुक्रवार) को गुलाबी शहर जयपुर के ताज आमेर होटल में वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न होगा। मुख्य फेरे सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच होंगे। रात में इसी होटल में भव्य रिसेप्शन का भी आयोजन रखा गया है। होटल को पूरी तरह वैदिक और आध्यात्मिक थीम पर सजाया जा रहा है।
आइवरी शेरवानी और पारंपरिक पगड़ी पहन दूल्हा बने इंद्रेश
शादी से पहले वृंदावन के रमणरेती स्थित निवास पर हल्दी, मेहंदी और संगीत जैसी रस्में धूमधाम से हुईं। बुधवार को वृंदावन से जयपुर के लिए भव्य बारात निकली, जिसमें हाथी-घोड़े, ढोल-नगाड़े और बांके बिहारी जी का ध्वज शामिल रहा। दूल्हा इंद्रेश उपाध्याय आइवरी शेरवानी, पारंपरिक पगड़ी और चांदी की छड़ी लिए घोड़ी पर सवार थे। वायरल वीडियो में एक बच्ची भी घोड़ी पर उनके साथ बैठी दिखी, जो उनकी भांजी बताई जा रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ है।
शादी में शामिल होंगी ये बड़ी हस्तियां
इस शादी में धार्मिक और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां शिरकत करने जा रही हैं। बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर, मूलक पीठाधीश्वर राजेंद्र दास महाराज, पुंडरीक गोस्वामी, गोविंददेवजी मंदिर के महंत अंजन कुमार गोस्वामी, श्री सरस निकुंज के बड़े भैया जी, मशहूर पंजाबी सिंगर बी प्राक और बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त समेत देश-विदेश के अनेक संत-महंत और प्रसिद्ध कथावाचक मौजूद रहेंगे। पहले की रस्मों में कथावाचक जया किशोरी भी शामिल हो चुकी हैं।
निमंत्रण पत्र भी है बेहद खास
वैदिक-अध्यात्मिक थीम पर बना यह कार्ड श्रीनाथजी की छवि से सुसज्जित है और इसके साथ राधारमण मंदिर की मिश्री-इलायची, विभिन्न मंदिरों के लड्डू-प्रसाद और तुलसी भेजी जा रही है।
कौन हैं कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय ?
7 अगस्त 1997 को उत्तरप्रदेश के वृंदावन में जन्मे इंद्रेश उपाध्याय देश के सबसे लोकप्रिय युवा कथावाचकों में से एक हैं। वे कथावाचक कृष्ण चंद्र शास्त्री (ठाकुर जी) के सुपुत्र हैं और स्वयं ‘भक्तिपथ’ संस्था के संस्थापक हैं। उनके प्रवचन और भजन सोशल मीडिया पर लाखों-करोड़ों लोग देखते-सुनते हैं। इंद्रेश उपाध्याय को उनके चाहने वाले और भक्त हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं।
