Can we eat prasad after eating non-veg: सनातन संस्कृति में प्रसाद भगवान के आशीर्वाद समान है। हर कोई श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण करता है। कई बार ऐसा होता है कि आपने थोड़ी देर पहले ही मांसाहार खाया हो और अभी कोई आपको प्रसाद ऑफर कर दे। ऐसे में मन सोच में पड़ जाता है कि क्या करें। मन में ये सवाल उठना लाजमी है कि क्या नॉनवेज खाने के बाद प्रसाद खाना सही है? अगर प्रसाद के लिए मना करें तो गलत तो ना होगा? आइए धार्मिक और व्यवहारिक दृष्टिकोण से ऐसे ही सवालों का हल ढूंढ़ते हैं:
क्या मांसहार के बाद प्रसाद खा सकते हैं
हिंदू धर्म में शुद्धता का विशेष महत्व बताया गया है। पूजा-पाठ, व्रत और धार्मिक कार्यों में शारीरिक और मानसिक पवित्रता जरूरी है। पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार, मांसाहार को तामसिक भोजन की श्रेणी में रखा गया है। ऐसे भोजन मन और शरीर दोनों पर भारी प्रभाव डालता है। इसलिए आमतौर पर यह माना जाता है कि मांसाहार करने के तुरंत बाद बिना स्नान किए या स्वयं को शुद्ध किए धार्मिक कार्यों में शामिल होना या प्रसाद ग्रहण करना उचित नहीं होता।
नॉनवेज खाने के बाद प्रसाद मिले तो क्या करें
जीवन में हर परिस्थिति एक जैसी नहीं होती। अगर कोई आपको प्रसाद दे और आपने मांसाहार का सेवन किया है तो सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि प्रसाद का अनादर नहीं करना चाहिए। यदि आपको लगता है कि आप अभी शुद्ध नहीं हैं, तो आप प्रसाद को विनम्रता से स्वीकार कर सकते हैं और बाद में ग्रहण कर सकते हैं। इसे किसी साफ कपड़े या कागज में रखकर घर ले जाएं और स्नान करने के बाद श्रद्धा के साथ खाएं।
अगर परिस्थिति ऐसी हो कि आपको तुरंत प्रसाद लेना ही पड़े, तो कम से कम अपने हाथ और मुंह को अच्छी तरह से धो लें। यदि संभव हो तो थोड़ा जल छिड़ककर या मन ही मन भगवान से क्षमा मांगकर प्रसाद ग्रहण करें। यह एक व्यावहारिक और संतुलित तरीका माना जाता है।
कई विद्वानों का यह भी मत है कि भगवान के प्रति सच्ची श्रद्धा सबसे महत्वपूर्ण होती है। यदि आपके मन में भक्ति है और परिस्थिति आपके नियंत्रण में नहीं थी, तो ईश्वर आपकी भावना को समझते हैं। प्रसाद को ‘महाप्रसाद’ भी कहा जाता है, जिसे स्वयं में पवित्र माना जाता है और जो किसी भी बाहरी अशुद्धि से ऊपर होता है।
Read Also: सपने में शिवलिंग दिखना शुभ या अशुभ
क्या प्रसाद को मना करना सही है?
धार्मिक दृष्टि से प्रसाद को मना करना अनुचित माना जाता है। स्थिति चाहे जो भी हो, प्रसाद को कभी भी पूरी तरह से अस्वीकार नहीं करना चाहिए। अगर आप किसी ऐसे असमंजस में फंसे तो आप प्रसाद लेकर अपने परिवार के अन्य सदस्यों को दे सकते हैं या बाद में स्वयं ग्रहण कर सकते हैं।
Read Also: रास्ते में मिले पैसे खर्च करें या नहीं
कुल मिलाकर निष्कर्ष ये है कि अगर आपने नॉनवेज खाया है तो प्रसाद ग्रहण ना करें। उसे लेकर रख लें। स्नान करने के बाद ही प्रसाद का सेवन करें। आप चाहें तो प्रसाद अपनी घर परिवार के अन्य सदस्य या फिर किसी भी अपने करीबी को खिला सकते हैं। लेकिन प्रसाद को किसी भी हाल में मना ना करें। प्रसाद को मना करना उसका अपमान समझा जाता है।
