Delhi News: राजधानी दिल्ली के मध्य-उत्तरी जिले के सदर बाजार इलाके में एक मासूम बच्ची के साथ हैवानियत की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। स्टेशनरी का सामान खरीदने निकली छठी कक्षा की छात्रा को पड़ोस के एक दर्जी ने बहला-फुसलाकर अपनी दुकान के अंदर बुलाया और उसके हाथ-पैर बांधकर दरिंदगी को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही हरकत में आई दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 56 वर्षीय आरोपी मकसूद को गिरफ्तार कर लिया है।
स्टेशनरी खरीदने निकली थी मासूम
पुलिस और स्थानीय निवासियों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 16 सितंबर की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच की है। पीड़ित बच्ची रात में स्कूल की स्टेशनरी का सामान लेने के लिए घर से बाहर निकली थी। रास्ते में पड़ोस में सिलाई का काम करने वाले मकसूद ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपनी दुकान के भीतर बुला लिया। आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को दुकान के अंदर रोक लिया और उसके हाथ-पैर बांधकर उसका यौन शोषण किया। वारदात के बाद जब मामले की पीसीआर (PCR) कॉल पुलिस को मिली, तो नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के महिला पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत हरकत में आई।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की दुष्कर्म, अवैध रूप से बंधक बनाने और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार 16 सितंबर की रात को ही मामले में तुरंत प्राथमिकी दर्ज की गई। 56 वर्षीय आरोपी मकसूद को पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू की गहनता से जांच जारी है।
बिहार का रहने वाला है आरोपी; इलाके के लोगों में भारी गुस्सा
स्थानीय निवासियों ने बताया कि आरोपी मकसूद मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और पिछले कुछ वर्षों से सदर बाजार इलाके में दर्जी का काम कर रहा था। उसका परिवार यहां उसके साथ नहीं रहता था और वह दुकान में अकेला ही रहता था। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके की गलियों में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस बेदर्दी और दरिंदगी से उसने एक छोटी बच्ची के साथ यह खौफनाक हरकत की है, कानून और पुलिस को उसे सख्त से सख्त सजा दिलानी चाहिए।
