Shardiya Navratri 2022 Maa Durga Vahan: पूरे वर्ष में कुल 4 बार नवरात्रि का त्योहार मनाया जाता है। जिनमें दो गुप्त नवरात्रि, एक चैत्र नवरात्रि और एक शारदीय नवरात्रि होती है। लेकिन इन सभी नवरात्रि में अश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शुरू होने वाले नवरात्रि का विशेष महत्व होता है। इसे शारदीय नवरात्रि कहा जाता है। इस बार शारदीय नवरात्रि की शुरुआत 26 सितंबर 2022 से हो रही है जोकि 05 अक्टूबर तक चलेंगे। नवरात्रि में भक्तों के बीच भक्तिभाव और उत्साह के रूप में दुर्गा पूजा मनाया जाता है। नवरात्रि में पूरे 9 दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। ज्योतिष के अनुसार इस साल नवरात्रि बेहद खास मानी जा रही है। क्योंकि इस बार मां दुर्गा की सवारी खास होने वाली है। जानते हैं इस साल नवरात्रि पर मां दुर्गा किस वाहन पर सवार होकर आएंगी और क्या है इसका महत्व।
क्या होगा मां दुर्गा का वाहन
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस साल शारदीय नवरात्रि पर मां दुर्गा का वाहन हाथी होगा। यानी इस साल मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आने वाली हैं। इस साल शारदीय नवरात्रि की शुरुआत सोमवार के दिन से हो रही है। माना जाता है कि जब नवरात्रि रविवार और सोमवार के दिन से शुरू होती है तो मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आती हैं।
क्या है हाथी की सवारी का महत्व
नवरात्रि में मां दुर्गा अलग-अलग वाहनों के साथ आगमन होता है। मां दुर्गा घोड़े, भैंस, डोली, मनुष्य, नांव और हाथी जैसे चीजों पर सवार होकर आती हैं। लेकिन इनमें से मां दुर्गा का नांव और हाथी पर आना सबसे ज्यादा शुभ माना जाता है। इसके अलावा अन्य सभी वाहन अशुभ संकेत होते हैं। धार्मिक दृष्टिकोण से अनुसार मां का हाथी पर सवार होकर आना बेहद शुभ संकेत माना गया है। मान्यता है कि यदि मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आती हैं तो वह अपने साथ ढ़ेर सारी खुशियां और सुख-समृद्धि भी लाती हैं। क्योंकि हाथी को ज्ञान और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।
(डिस्क्लेमर : यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।)

