Ram Navami 2022 Date, Puja Timings: वर्ष 2022 में कब है राम नवमी? जानें पूजा मुहूर्त और महत्व

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 9, 2022, 06:54 PM IST

Ram Navami 2022 Date, Time, Puja Muhurat: चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को राम नवमी के नाम से जाना जाता है। इस दिन मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्म हुआ था। 

Ram Navami 2022 Date, Puja Timings: वर्ष 2022 में कब है राम नवमी? जानें पूजा मुहूर्त और महत्व

Ram Navami 2022 Date, Time, Puja Muhurat: हिंदू पंचांग के अनुसार, हर वर्ष चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर राम नवमी का पर्व मनाया जाता है। सनातन धर्म में यह तिथि बेहद विशेष मानी गई है क्योंकि इस दिन मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्म राजा दशरथ के घर में हुआ था। इस दिन लोग धूमधाम से भगवान श्रीराम का जन्म उत्सव मनाते हैं। इस वर्ष चैत्र नवरात्रि 2 अप्रैल से प्रारंभ हुई थी। कुछ लोग चैत्र नवरात्रि का व्रत करने के बाद रामनवमी का भी व्रत करते हैं। रामनवमी के दिन विधि अनुसार भगवान श्री राम की पूजा की जाती है। भक्त इस दिन भगवान राम की पूजा करने के साथ श्री रामचरितमानस का पाठ भी करते हैं। इस दिन मंत्रों के जाप करने का भी विधान है। 

यहां जानें वर्ष 2022 में राम नवमी की तिथि और पूजा मुहूर्त (Ram Navami 2022 Date And Puja Muhurat)

राम नवमी प्रारंभ: 10 अप्रैल 2022 रविवार सुबह 01:23

राम नवमी समापन: 11 अप्रैल 2022 सोमवार सुबह 03:15 

राम जन्मोत्सव का शुभ मुहूर्त: 10 अप्रैल सुबह 11:06 से दोपहर 01:39 तक।

इस वर्ष राम नवमी के दिन अतिशुभ योग बन रहा। पंडितों के अनुसार, नवमी तिथि पर त्रिवेणी संयोग बनेगा। त्रिवेणी संयोग बहुत विशेष माना जाता है। इस दिन रवि पुष्य योग, सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग मिलकर त्रिवेणी संयोग बनाएंगे। कोई नया काम शुरू करने के लिए या फिर घर, जमीन आदि की खरीदारी के लिए यह दिन बहुत शुभ माना जा रहा है।

क्या है राम नवमी का महत्व? 

हिंदू धर्म शास्त्रों के अनुसार, नवमी तिथि पर ही भगवान विष्णु ने राम का अवतार लिया था। ऐसा कहा जाता है कि राक्षसों और असुरों का विनाश करने के लिए भगवान विष्णु ने भगवान राम का अवतार लिया था। राम नवमी के दिन भगवान राम के साथ उनके भाई लक्ष्मण और माता सीता की पूजा भी की जाती है। इस दिन भगवान हनुमान की पूजा करने का भी विधान है। ऐसा माना जाता है कि राम नवमी पर भगवान राम की पूजा करने से यश और वैभव की प्राप्ति होती है और जीवन में सुख समृद्धि हमेशा रहती है। भगवान राम की उपासना करने से जीवन में हमेशा सकारात्मकता रहती है और हर काम में सफलता प्राप्त होती है।

End of Article