Bihar Police Recruitment 2022: बिहार राज्य के लोगों के लिए बहुत बड़ी खबर सामने आई है। बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजश्वी यादव ने सरकारी नौकरी से जुड़ा बड़ा ऐलान किया है। Tejashwi Yadav द्वारा जारी ट्वीट के अनुसार, राज्य में पुलिस विभाग में 75,543 पदों को जल्द भरा जाएगा। बता दें, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 27 फरवरी, 2022 को पुलिस सप्ताह के समापन समारोह के दौरान कहा था कि राज्य सरकार पुलिसकर्मियों की संख्या 165 से बढ़ाकर 170 प्रति एक लाख जनसंख्या पर करने का लक्ष्य बना रही है, उसी के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
7808 पदों को भरने की मिली मंजूरी
कैबिनेट के फैसलों के बारे में मीडियाकर्मियों को जानकारी देते हुए, अतिरिक्त मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ ने कहा कि कैबिनेट ने पुलिस कैडर और गैर-पुलिस कैडर के इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम (ईआरएसएस) डायल 112 के पहले चरण के लिए 7808 पदों को भरने की मंजूरी दी है।
क्या कहा तेजश्वी यादव ने
तेजश्वी यादव ने बिहार में बड़ी सरकारी भर्ती के लिए ट्वीट कर कहा -
"युवाओं के लिए खुशखबरी, बिहार पुलिस में बंपर बहाली।
बिहार पुलिस के सुदृढ़ीकरण एवं जनसंख्या के अनुपात में आवश्यकता आधारित नियुक्ति करने हेतु 75,543 पदों पर पुलिसकर्मियों की सीधी भर्ती होगी।"
अब 19288 पदों को भरने की मिलेगी मंजूरी
बिहार राज्य सरकार ने यह फैसला सरकारी नौकरी की संख्या को बढ़ाने और राज्य में बढ़ती जनसंख्या की जरूरतों को पूरा करने के लिए लिया है। बता दें, पुलिस बल की संख्या बढ़ाने के लिए 48447 पदों पर पुलिस की सीधी नियुक्ति करने का निर्णय लिया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा, “कैबिनेट ने ईआरएसएस चरण 2 भर्ती के तहत 19288 पदों को मंजूरी दी है।”
