Agnipath Scheme: अग्निपथ स्कीम के विरोध के बीच गृह मंत्रालय ने ऐलान किया है कि वह अग्निवीरों को Central Armed Police Forces (CAPF) भर्ती में 10 फीसदी आरक्षण देगी। यानी 4 साल बाद जो अग्निवीर सेना से बाहर हो जाएंगे, उन्हें केंद्रीय पुलिस बल की भर्तियों में आरक्षण की सुविधा मिलेगी। वहीं सीएपीएफ में खाली पदों की संख्या देखी जाय तो वह इस समय एक लाख से ज्यादा हो चुकी है। कोविड-दौर में भर्तियां बेहद कम होने से भर्तियों पर सीधा असर हुआ है। पिछले दो साल में औसतन 12 हजार पदों पर ही भर्तियां हुई हैं। जबकि उसके पहले 2017 में 58 हजार और 2018 में 30 हजार से ज्यादा भर्तियां की गई थीं।
अग्निवीर के लिए क्या बनेंगे मौके
अग्निपथ स्कीम के तहत पहले साल 46 हजार की भर्ती होनी है। और इस आधार पर 2023 में नियुक्त होने वाले पहले बैच के अग्निवीरों का कार्यकाल चार साल बाद 2027 में पूरा होगा। और उस वक्त 25 फीसदी सैनिक यानी 11,500 अग्निवीरों को सेना में स्थायी नियुक्ति मिलेगी। जबकि 75 फीसदी यानी 34,500 जवान रिटायर हो जाएंगे। और उनके पास सीएपीएफ यानी BSF, CRPF,CISF, SSB,ITBP और असम राइफल्स में भर्ती होने का मौका होगा। जिसके लिए वह 10 फीसदी आरक्षण के पात्र होंगे।
करीब एक लाख से ज्यादा पद हैं खाली
पिछले साल 16 मार्च 2021 को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लिखित जवाब में बताया था कि देश में एक जनवरी 2020 तक राज्य पुलिस स्तर पर 5,31,737 पद खाली हैं। जबकि केंद्रीय पुलिस बल एक सितंबर 2020 तक के आंकड़ों के अनुसार 1,11,093 पद खाली है। ऐसे में अगर इन खाली पदों केऔर पिछले 3-4 साल में भर्तियों के पैटर्न को देखा जाय तो हर साल रिटायर होने वाले 30-35 हजार अग्निवीरों में से अधिकतम 5000 को केंद्रीय पुलिस बलों में भर्ती का फायदा मिल सकता है। इसके अलावा केंद्रीय पुलिस बल की तरह रक्षा मंत्रालय ने भी इंडियन कोस्ट गार्ड, डिफेंस सिविलियन पोस्ट के साथ ही डिफेंस सेक्टर से जुड़ी 16 पब्लिक सेक्टर कंपनियों में भी 10% आरक्षण देने का ऐलान किया है। जहां पर बचे हुए अग्निवीर आरक्षण के जरिए नौकरी का आवेदन कर सकेंगे।
| केंद्रीय पुलिस बल | खाली पदों की संख्या |
| CRPF | 26506 |
| BSF | 28926 |
| CISF | 23906 |
| SSB | 18643 |
| ITBP | 5784 |
| AR | 7328 |
| Total | 1,11,093 |
पुलिस संगठन के 2021 के आंकड़ों के अनुसार सीएपीएफ की कुल पदों की स्वीकृत संख्या 11,09,969 है। जिसमें से 19,838 राजपत्रित अधिकारी और 10,90,131 गैर राजपत्रित अधिकारी के पद हैं। लेकिन मौजूदा संख्या 9,80,677 है। जिसमें से 17,440 राजपत्रित और 9,63,237 गैर राजपत्रित अधिकारी हैं। यानी एक लाख से ज्यादा पद गैर राजपत्रित अधिकारी के खाली हैं।
केंद्रीय पुलिस सेवा में भर्ती का रास्ता है CAPF
सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज यानी CAPF देश के सबसे बड़े नियोक्ता में से एक है। इसके तहत फिलहाल 9.80 लाख से ज्यादा लोग नियुक्त हैं। इनमें ले बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF), सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF), सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF), इंडो तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (ITBP), नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स (NSG), सशस्त्र सीमा बल (SSB) सीधे गृह मंत्रालय के नियंत्रण में आते हैं। जबकि असम राइफल्स का ऑपरेशनल कंट्रोल भारतीय सेना के हाथों में है।

