जंगल की दुनिया में कई जानवर ऐसे हैं जिन्हें देखकर लगता है कि वे किसी भी शिकारी को टक्कर दे सकते हैं। वुल्फ (भेड़िया) और वूल्वरिन भी ऐसे ही दो बेहद ताकतवर जानवर हैं। दोनों के नाम सुनने में मिलते-जुलते हैं, लेकिन असल में ये एक-दूसरे से काफी अलग हैं। पॉप कल्चर और कॉमिक्स में वूल्वरिन का अक्सर जिक्र मिलता है। मार्वल के मशहूर सुपरहीरो 'Wolverine' के कारण कई लोग इस नाम से वाकिफ हैं। चूंकि वूल्वरिन भी भेड़ियों की तरह आक्रामक है और उसके पंजे तेज होते हैं, इसलिए जिन लोगों ने असली वूल्वरिन जानवर को नहीं देखा है, वे मान लेते हैं कि यह किसी प्रकार का भेड़िया ही होगा। जबकि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। इन दोनों जानवरों में जमीन-आसमान का अंतर है। आइए जानते हैं कि आखिर इन दोनों जानवरों में क्या अंतर है और अगर इन दोनों में लड़ाई हो गई तो जीत किसी होगी?
वुल्फ और वूल्वरिन के नाम काफी हद तक एक-दूसरे से मिलते-जुलते हैं। जिन लोगों ने आज तक वूल्वरिन को असल में नहीं देखा तो उन्हें लगता है कि शायद ये दोनों जानवर एक जैसे ही होते हैं या फिर वूल्वरिन भेड़िए की ही प्रजाति का एक जानवर है। वुल्वरिन को देखकर कई लोग इसे छोटा भेड़िया समझ लेते हैं, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है। वूल्वरिन वास्तव में नेवला परिवार (Mustelidae) का सदस्य है। वहीं वुल्फ कुत्ते परिवार (Canidae) से आता है।
वुल्फ का शरीर वूल्वरिन के मुकाबले काफी बड़ा और लंबा होता है। एक अडल्ट ग्रे वुल्फ का वजन आमतौर पर करीब 30 से 60 किलो या उससे भी ज्यादा हो सकता है। इसके लंबे पैर, बड़ा शरीर और मजबूत जबड़े इसे शानदार शिकारी बनाते हैं। वहीं वूल्वरिन का शरीर छोटा और भारी-भरकम होता है। इसका वजन आमतौर पर करीब 9 से 25 किलो के बीच होता है। आकार में छोटा होने के बावजूद इसकी ताकत और आक्रामकता इसे बेहद खास बनाती है। यह देखने में हनीबैजर की तरह लगता है।
वूल्वरिन की सबसे बड़ी खासियत उसका मजबूत शरीर, शक्तिशाली जबड़ा और बड़े पंजे हैं। इसका शरीर ऐसा बना है कि यह बर्फीले और कठिन इलाकों में भी आसानी से घूम सकता है। यह मौका मिलने पर अपने से बड़े जानवरों से भी भिड़ने से पीछे नहीं हटता। यही वजह है कि इसे जंगल के सबसे निडर जानवरों में गिना जाता है, जैसा हनीबैजर है।
वुल्फ एक बेहतरीन शिकारी है और अक्सर हिरण जैसे बड़े जानवरों का शिकार करने के लिए झुंड में काम करता है। एक साथ कई वुल्फ मिलकर अपने से बड़े शिकार को भी घेर सकते हैं। जबकि वूल्वरिन आमतौर पर अकेला रहता है। यह छोटे जानवरों का शिकार करने के साथ-साथ दूसरे जानवरों के छोड़े हुए मांस यानी कैरियन को भी खाता है।
अब आता है सबसे दिलचस्प सवाल— अगर वुल्फ और वूल्वरिन आमने-सामने आ जाएं तो कौन जीतेगा? अगर एक सामान्य अडल्ट वुल्फ और एक वूल्वरिन की सीधी लड़ाई की कल्पना करें, तो वुल्फ के जीतने की संभावना ज्यादा होगी। इसकी सबसे बड़ी वजह है दोनों के आकार में बड़ा अंतर। वुल्फ काफी भारी और लंबा होता है। उसके पास मजबूत जबड़े, लंबे पैर और ज्यादा पहुंच होती है लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं कि वूल्वरिन आसानी से हार मान लेगा। वूल्वरिन बेहद मजबूत, फुर्तीला और आक्रामक हो सकता है। उसके बड़े पंजे और मजबूत जबड़े लड़ाई में गंभीर चोट पहुंचा सकते हैं। छोटे आकार के बावजूद वह सामने वाले के लिए मुश्किल पैदा कर सकता है।
अगर मुकाबला एक वुल्फ और एक वूल्वरिन के बीच हो, तो वुल्फ का आकार और ताकत उसे बढ़त देंगे लेकिन लड़ाई का नतीजा हमेशा निश्चित नहीं कहा जा सकता, क्योंकि जानवर की उम्र, स्वास्थ्य, आकार, अनुभव और परिस्थिति भी बहुत मायने रखती है और अगर कई वुल्फ एक साथ हों, तो वूल्वरिन के लिए स्थिति और ज्यादा मुश्किल हो जाएगी।
वुल्फ और वूल्वरिन दोनों अपने-अपने वातावरण के हिसाब से बेहद शानदार जानवर हैं। वुल्फ की ताकत उसका बड़ा शरीर और शिकार करने की क्षमता है, जबकि वूल्वरिन की ताकत उसका मजबूत शरीर, पंजे, जबड़े और निडर स्वभाव है इसलिए अगर सिर्फ शारीरिक मुकाबले की बात करें तो बड़े आकार के कारण वुल्फ का पलड़ा भारी माना जाएगा, लेकिन वूल्वरिन को कमजोर समझना बड़ी गलती होगी। जंगल में ताकत सिर्फ आकार से तय नहीं होती। कभी-कभी छोटा जानवर भी बड़े शिकारी जानवर को मुश्किल में डाल सकता है।