क्या आपने कभी यह सोचा है कि कोई ट्रेन बादलों के बीच से गुजर सकती है? ऐसा सोचना भले ही आपको किसी हॉलीवुड फिल्म के किसी सीन की तरह लग रहा हो लेकिन यह बात बिल्कुल सच है।
सबसे पहले बता दें कि दुनिया की यह खास ट्रेन अर्जेंटीना में चलती है। जिसका नाम Tren a las Nubes है। जो समुद्र तल से करीब 4200 मीटर की ऊंचाई पर एंडीज पर्वत में चलती है। जब यह ट्रेन पहाड़ों के बीच से गुजरती है, तो चारों तरफ बादल ही बादल नजर आते हैं।
इसी वजह से इस ट्रेन को बादलों की ट्रेन (Train to the Clouds) भी कहते हैं। इस ट्रेन में सफर करने वाले लोगों को ऐसा लगता है जैसे ट्रेन बादलों को चीरते हुए आगे बढ़ रही हो। जिसे देखकर इसमें सफर करने वाले लोगों की सांसें थम जाती हैं।
बता दें कि इस ट्रेन की यात्रा अर्जेंटीना के साल्टा शहर से शुरू होती है। ट्रेन कुल 434 किलोमीटर लंबी दूरी तय करती है। जिसे पूरा करने में उसे 16 घंटे का समय लगता है।
इस यात्रा के दौरान यह ट्रेन 29 पुल और 21 सुरंगों को पार करते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचती है। रेलवे ब्रिज और सुरंगों के बीच से गुजरना ही इस ट्रेन के सफर को बेहद ही खास और रोमांचक बनाते हैं।
इस ट्रेन में कुल 7 डिब्बे होते हैं, जिसमें करीब 500 यात्री सफर कर सकते हैं। ट्रेन के अंदर ही खाने-पीने की सुविधा और मेडिकल हेल्प मौजूद रहता है ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी ना हो।
एंडिज पर्वतों के बीच बने इस ट्रेन रूट का निर्माण साल 1920 में शुरू हुआ था और इसे पूरा होने में लगभग 27 साल लगे। इसे बनाने में इंजीनियरों को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन आज यह दुनिया के सबसे ऊंचे और खूबसूरत रेल मार्गों में से एक है।