इस प्रकृति ने धरती पर ऐसे-ऐसे जीवों को पैदा किया है, जो अपनी अनोखी खासियतों से हमें हैरान कर देते हैं। जमीन, हवा और पानी में कई तरह के जीव रहते हैं और उन सभी जीवों की कोई ना कोई विशेषता जरूर होती है। आज हम आपको एक ऐसे ही प्राणी के बारे में बताएंगे, जिसके पास 1 नहीं, तीन दिल होते हैं और ये जीव बहुत ही बुद्धिमान होते हैं।
हम जिस जीव की बात कर रहे हैं, वह ऑक्टोपस है, जिसके पास 3 दिल होते हैं। ऑक्टोपस अपनी रंग बदलने की क्षमता के लिए भी जाने जाते हैं। धरती पर यह एक ऐसा प्राणी है, जिसकी खूबियों को जानकर विज्ञान भी हैरान रह गया। इतना ही नहीं, ये समुद्री प्राणी अपनी बुद्धिमानी के लिए भी जाने जाते हैं।
अब आइए यह जान लेते हैं कि ऑक्टोपस के पास जो तीन दिल हैं, उनका काम क्या है? दरअसल, इसके दो दिल शरीर में ऑक्सीजन युक्त रक्त को गलफड़ों (गिल्स) तक पहुंचाते हैं, जबकि तीसरा दिल रक्त को पूरे शरीर में पंप करता है।
इससे भी ज्यादा हैरानी की बात तो यह है कि जब ऑक्टोपस तैरता है, तो उसका मेन हार्ट रुक जाता है। इसी वजह से वह तैरने के बजाय रेंगना ज्यादा पसंद करता है। इससे भी ज्यादा जो चौंकाने वाली बात है वह यह है कि ऑक्टोपस रंग बदलने में माहिर होते हैं। इन्हें "कैमोफ्लाज का जादूगर" भी कहा जाता है।
ऑक्टोपस के रंग बदलने के पीछे का साइंस यह कहता है कि ऑक्टोपस के शरीर में विशेष तरह की कोशिकाएं मौजूद होती हैं, जिन्हें क्रोमैटोफोर्स कहते हैं। इन कोशिकाओं की वजह से ही वह अपने आसपास के वातावरण के अनुसार अपना रंग बदलता है।
ऑक्टोपस समुद्र की चट्टानों के बीच छिपने और शिकार को चकमा देने के लिए अपना रंग बदलता है। कई दफा तो वह इस कदर रंग बदलता है कि वह पलक झपकते ही आंखों के सामने से ओझल हो जाता है। उसकी यह क्षमता उसे न केवल शिकारियों से बचाती है बल्कि उन्हें शिकार करने में उनकी मदद करती है।
ऑक्टोपस की इन खूबियों के अलावा, उनकी बुद्धि भी लोगों और विज्ञान को आश्चर्य में डाल देती है। विज्ञान के अनुसार, ऑक्टोपस का दिमाग बहुत विकसित होता है। यह भी कहा जाता है कि इसकी आठ भुजाओं में भी न्यूरॉन्स मौजूद होते हैं। यानी इसका मतलब यह है कि इसकी हर भुजा अलग-अलग स्वतंत्र रूप से "सोच" सकती है और वैसे ही काम भी कर सकती है। इसी वजह से ऑक्टोपस अपनी भुजाओं का इस्तेमाल जार का ढक्कन खोलने और पिंजरे से भागने जैसे चतुराई भरे कामों के लिए करते हैं।