देश

कोलकाता में तीन लोगों को अर्धनग्न घुमाने के मामले में NHRC सख्त, पुलिस कमिश्नर को नोटिस; दो हफ्ते में मांगी रिपोर्ट

Kolkata Case: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में पुलिस द्वारा तीन लोगों को कथित तौर पर अर्धनग्न हालत में सड़क पर घुमाने के मामले में स्वतः संज्ञान लिया है।

Image

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (फाइल फोटो)

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • NHRC ने पुलिस कमिश्नर को भेजा नोटिस
  • दो सप्ताह में मांगी विस्तृत रिपोर्ट
  • मानवाधिकारों के उल्लंघन का मामला बताया

Kolkata Case: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में पुलिस द्वारा तीन लोगों को कथित तौर पर अर्धनग्न हालत में सड़क पर घुमाने के मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने कोलकाता पुलिस कमिश्नर को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

एनएचआरसी ने कहा कि यदि मीडिया रिपोर्ट में दी गई जानकारी सही है, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन से जुड़ा गंभीर मामला है।

एनएचआरसी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि घटना से एक दिन पहले 18 वर्षीय युवक और उसके 19 वर्षीय दोस्त को एक नाबालिग लड़की के साथ देखे जाने के बाद लड़की के परिवार के सदस्यों ने उसको घर पर पीटा और अपमानित किया था। लड़की के परिवार ने युवक के पिता को भी घर बुलाया था, जहां उनके साथ भी मारपीट की गई।

रिपोर्ट के अनुसार, इसके बाद तीनों लोगों के कपड़े उतरवा दिए गए और कथित तौर पर बंदूक की नोक पर उन्हें सड़क पर नग्न अवस्था में चलने के लिए मजबूर किया गया।

क्राइम सीन रीक्रिएशन के नाम पर घुमाने का आरोप

28 अक्टूबर, 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बाद में गिरफ्तार किए गए तीन लोगों को उसी इलाके में ले जाकर 100 मीटर से अधिक दूरी तक बिना शर्ट और जूते-चप्पल के चलवाया। इन तीन लोगों में लड़की के पिता, उसके मामा और मामा का एक दोस्त शामिल बताए गए हैं। कथित तौर पर यह कार्रवाई अपराध स्थल का पुनर्निर्माण करने के नाम पर की गई थी। आयोग ने मीडिया रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों पर गंभीर चिंता जताते हुए कोलकाता पुलिस कमिश्नर से पूरे मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article