इस दुनिया में कई तरह की रस्में और परंपराएं निभाई जाती हैं। ऐसे में कुछ परंपराओं के बारे में सुनने के बाद उस पर यकीन करना लोगों के लिए बड़ी मुश्किल हो जाता है। आज हम आपको एक ऐसी ही रस्म के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे सुनने के बाद आप भी चौंक जाएंगे।
आज हम एक अनोखी और चौंकाने वाली रस्म के बारे में आपको बताते हैं। जहां लोग मरे हुए इंसानों को उनकी कब्र से निकालकर उनके साथ जश्न मनाते हैं। इस दौरान वे नाच-गाना, खाना-पीना और गीत-संगीत सब करते हैं।
हम जिस रस्म की बात कर रहे हैं, उसका नाम फामादिहाना (Famadihana) है, जो अफ्रीका के द्वीपीय देश मैडागास्कर (Madagascar) में निभाई जाती है। आइए अब इस रस्म के बारे में विस्तार से जान लेते हैं।
दरअसल, इस परंपरा के तहत लोग अपने पूर्वजों के शवों को कब्र से बाहर निकालते हैं और उनके साथ जश्न मनाते हैं। सुनने में यह अजीब लग रहा है, लेकिन वहां के लोग इस रस्म को अपनों के प्रति प्यार और सम्मान दिखाने का एक खास तरीका है।
फामादिहाना को हड्डी पलटना (Turning of the Bones) भी कहा जाता है। इस रस्म को लोग हर कुछ सालों में एक बार मनाते हैं। जहां लोग अपने पूर्वजों के शवों को कब्र से निकालते हैं, उन्हें नए रेशम के कपड़ों में लपेटते हैं और फिर उनके साथ जश्न मनाते हैं।
इस दौरान लोग अपने पूर्वजों के शवों को कंधे पर उठाकर नाचते हैं और उनके साथ समय बिताते हैं और वे ऐसा ही महसूस करते हैं जैसे वे अभी भी उनके बीच मौजूद हों। अपनों के जाने के बाद लोग इसी रस्म के जरिए उनसे जुड़े रहते हैं।
इस रस्म को लेकर मेडागास्कर के लोगों का मानना है कि मरने के बाद भी उनके अपने लोग उनके साथ ही रहते हैं। उनकी मृत्यु के बाद भी उनकी आत्मा पूरी तरह से अलग नहीं होती। वे इस दौरान भी अपने पूर्वजों को अपने जीवन का हिस्सा मानते हैं। समय-समय पर उन्हें याद करते हैं और उनके जाने के बाद भी वे उन्हें खुश रखने की कोशिश करते हैं।