समुद्र की दुनिया भी बहुत अजीब है। यहां ऐसे अद्भुत जीव पाए जाते हैं, जिनके बारे में इंसानों को काफी कम मालूम होता है। ऐसा कहते भी हैं कि इंसान समुद्र की गहराइयों से ज्यादा अंतरिक्ष की अनंत दुनिया के बारे में जानता है। आज हम आपको एक ऐसी ही समुद्री मछली के बारे में बताने जा रहे हैं। जो पानी में तैरने के साथ-साथ जमीन पर भी चल सकती है और काफी देर तक पानी के बिना रह भी सकती है।
हम जिस अनोखी मछली की बात कर रहे हैं, उसका नाम मडस्किपर (Mudskipper) है। यह दुनिया की सबसे अनोखी मछलियों में गिनी जाती है। यह मछली पानी के साथ-साथ कीचड़, जमीन और रेत पर भी रह लेती है।
आपको यह जानकर हैरानी होगी कि मडस्किपर नाम की यह मछली पानी में तैरने के साथ-साथ जमीन पर भी चलती है। जमीन पर चलने के लिए यह मछली अपने आगे वाले मजबूत पंखों (फिन) का इस्तेमाल पैरों की तरह करती है। इन्हीं की मदद से यह कीचड़, रेत और जमीन पर आसानी से चलती, कूदती और इधर-उधर घूमती है।
इस मछली को पहली नजर में देखकर यह यकीन करना मुश्किल हो जाता है कि यह एक मछली है। जब लोग पहली बार मडस्किपर को जमीन पर चलते देखते हैं, तो उन्हें यकीन ही नहीं होता कि कोई मछली ऐसा भी कर सकती है लेकिन कुदरत ने इस मछली को कुछ ऐसा ही बनाया है और यह कुदरत का ही करिश्मा है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि मडस्किपर काफी समय तक पानी के बाहर भी रह सकती है। इसकी त्वचा और मुंह के अंदर की सतह नम रहती है, जिससे इसे सांस लेने में मदद मिलती है। हालांकि इसके लिए शरीर का गीला रहना जरूरी होता है। अगर इसका शरीर पूरी तरह सूख जाए, तो इसे सांस लेने में दिक्कत होने लगती है।
यह अनोखी मछली भारत, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, थाईलैंड, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया और अफ्रीका के कुछ तटीय इलाकों में पाई जाती है। यह अक्सर मैंग्रोव के जंगलों, दलदली क्षेत्रों और समुद्र किनारे कीचड़ वाली जगहों पर रहती है।
मडस्किपर की आंखें उसके सिर के ऊपर होती हैं। इससे वह पानी के बाहर रहते हुए भी चारों तरफ आसानी से देख सकती है। अगर खतरा महसूस हो, तो वह तुरंत पानी में कूद जाती है। यह मछली कीचड़ के अंदर ही अंदर चल भी सकती है।