अरब सागर से घिरा हुआ गोवा भारतीय लोगों के घूमने की फेवरेट टूरिस्ट डेस्टिनेशन है। खबरों की मानें तो हर साल तकरीबन 60 से 70 लाख केवल भारतीय टूरिस्ट ही गोवा जाते हैं। गोवा जाने के लिए लोग पानी की तरह पैसा बहाने में भी पीछे नहीं हटते जिसके पीछे के तमाम कारण हैं।
शानदार नाइटलाइफ से लेकर समुद्र तट के मनमोहक नजारों को इन्जॉय करने तक सबका मजा आप गोवा में उठा सकते हैं। इस अद्भुत मजे के लिए आपको विदेश जाने की जरूरत नहीं पड़ती बल्कि कुछ पैसों में ही आप भारत में रहकर दिल खोलकर अपना जीवन जी सकते हैं।
गोवा में रात बिताना बेहद जीवंत और शानदार अनुभव होता है। यहां के क्लबों में आप बिना रोकटोक के रातभर डीजे, डांस और म्यूजिक का आनंद उठा सकते हैं। लॉकहार्ट, सैन्ट एंजेलो क्लब गोवा में काफी फेमस हैं जहां पर पूरी रात आप एन्जॉय कर सकते हैं।
गोवा में आपको विदेशों वाली बीच पार्टीज भी मिल जाती है। अंजुना और बागा बीच पर जाकर आप रातभर समुद्र तट के किनारे एन्जॉय कर सकते हैं। यहां की पार्टी पूरी तरह से आपका दिल बाग-बाग कर देगी।
मनोरंजरन और खेल प्रेमियों के लिए गोवा किसी स्वर्ग से कम नहीं है। यहां पर डेल्टिन जौकर, किंग्स कैसिनो नाम से कई फेमस जगहें हैं जहां पर जाकर आप गेमिंग का लुत्फ उठा सकते हैं।
पहाड़, सुंदर झरने और वन्यजीव अभयारण्य इन सबका भरपूर मजा आप गोवा में ले सकते हैं। यहां 450 से ज्यादा प्रजातियों के पक्षी पाए जाते हैं वहीं चीतल और ग्वार जैसे दुर्लभ जानवरों को भी देखने का मौका मिलता है।