यात्रा की शुरुआत पुरी स्टेशन पहुंचने के साथ होगी। वहां से यात्री सड़क मार्ग से पुरी शहर जाएंगे और अपने ठहरने की व्यवस्था में विश्राम करेंगे। इसके बाद भगवान जगन्नाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे और रात्रि विश्राम पुरी में ही होगा। अगले दिन सुबह नाश्ते के बाद होटल से चेक आउट करके कोणार्क सूर्य मंदिर के दर्शन के लिए यात्रा होगी। दर्शन के बाद मालतीपटपुर स्टेशन पर यात्रियों को छोड़ा जाएगा जहां से वे आगे की यात्रा के लिए ट्रेन में सवार होंगे और जसीडीह की ओर प्रस्थान करेंगे।
जसीडीह पहुंचने पर यात्रियों को होटल में ठहरने की व्यवस्था मिलेगी, जहां वे स्नान और विश्राम कर सकेंगे। इसके बाद सभी यात्री बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर के दर्शन करेंगे। दर्शन के बाद जसीडीह स्टेशन से वाराणसी के लिए आगे की यात्रा शुरू होगी।
वाराणसी पहुंचने पर यात्रियों को सारनाथ क्षेत्र में ठहराया जाएगा। इसके बाद काशी विश्वनाथ मंदिर और कॉरिडोर, काशी विशालाक्षी मंदिर और अन्नपूर्णा देवी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। शाम के समय गंगा आरती का भव्य दृश्य दिखाया जाएगा। रात्रि विश्राम वाराणसी में होगा।
इसके बाद यात्री वाराणसी स्टेशन से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। अयोध्या धाम स्टेशन पहुंचने पर श्री राम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी के दर्शन कराए जाएंगे। रात्रि भोजन के बाद यात्रियों को पुनः अयोध्या धाम स्टेशन से प्रयागराज के लिए भेजा जाएगा।
प्रयागराज के प्रयाग संगम स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों को त्रिवेणी संगम में स्नान कराया जाएगा, जहां गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती नदियों का संगम माना जाता है। यहां धार्मिक अनुष्ठान भी कराए जाएंगे। इसके बाद प्रयागराज स्टेशन से यात्रियों को वापसी यात्रा के लिए सिकंदराबाद की ओर रवाना किया जाएगा।
स्लीपर क्लास में प्रति व्यक्ति किराया 16,700 रुपए तय किया गया है। 3AC में किराया 26,100 रुपए है वहीं 2AC में प्रति व्यक्ति किराया 34,100 रुपए है। आईआरसीटसी की वेबसाइट पर जाकर आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। इस पैकेज का कोड-SCZBG59 है। ज्यादा जानकारी के लिए आप इन नंबरों- 9281495843, 9281495845 पर संपर्क कर सकते हैं।