उत्तराखंड का खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी बर्फ से ढकी चोटियां, हरे-भरे जंगल, ठंडी हवा और मन को भाने वाले नजारों के लिए पर्यटकों का ध्यान खींचता है। ना केवल भारतीय बल्कि विदेश से भी पर्यटक इस हिल स्टेशन घूमने के लिए आते हैं।
परिवार के साथ या फिर सोलो ट्रिप पर जाने का अगर आप प्लान कर रहे हैं तो मसूरी की यात्रा को ट्रैवल बकेटलिस्ट में शामिल कर सकते हैं। दिल्ली और हरिद्वार से करीब होने की वजह से मसूरी की यात्रा बहुत पसंद की जाती है।
गन हिल पॉइंट, कैमल्स हंप, कंपनी गार्डन, मसूरी लेक और क्लब हाउस मसूरी में घूमने की प्रमुख जगहें हैं। इसके अलावा आप हिमालय की चोटियों के मनोरम दृश्य को देखने के लिए मसूरी का सबसे ऊंचा बिंदु लाल टिब्बा जा सकते हैं।
मार्च से जून और अक्टूबर से दिसंबर मसूरी घूमने का सबसे अच्छा समय होता है। बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पर्यटक दिंसबर के आसपास यहां घूमने का प्लान करते हैं।
प्रकृति की सुंदरता का आनंद लेने के साथ ही आप यहां स्वादिष्ट पहाड़ी भोजन का स्वाद लेना बिल्कुल ना भूलें। पहाड़ों की खूबसूरती को महसूस करें और लोकल मार्केट से शॉपिंग करें।
स्थानीय स्वाद का आनंद लेने के लिए आपको माल रोड का रुख करना चाहिए यहां कई खूबसूरत कैफे हैं जहां आप व्यू के साथ नूडल्स, मोमोज और गरमागरम चाय का मजा ले सकते हैं।
दिल्ली, देहरादून और हरिद्वार से नियमित बस सेवाएं मसूरी के लिए चलती हैं। देहरादून इसके निकटतम रेलवे स्टेशन है। जॉली ग्रांट एयरपोर्ट (देहरादून) इसके निकटतम एयरपोर्ट है। रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट से टैक्सी से आप मसूरी पहुंच सकते हैं।