बढ़ते प्रदूषण के कारण शायद आपने दिल्ली घूमने का प्लान टाल दिया होगा। दिल्ली, जहां प्रदूषण का स्तर अक्सर 300 के पार चला जाता है मौजूदा समय में जहरीली हवा के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है। फिर भी अगर आपने दिल्ली घूमने का मन बना लिया है तो इस बार की दिल्ली यात्रा आपको कुछ सीखा सकती है।
वैसे तो दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) अक्सर खतरनाक स्तर तक बढ़ जाता है, लेकिन आपको यह जानकर हैरानी होगी कि शहर के बीचों-बीच एक ऐसा घर है जिसका AQI 10-15 है। दिल्ली का ये अनोखा घर पर्यावरणीय स्थिरता का प्रतीक बनकर उभरा है।
इस घर का AQI हमेशा 5 से 15 के बीच ही रहता है वहीं प्रचंड गर्मी में भी यहां का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही होता है। खबरों की मानें तो इस घर को देखने के लिए जर्मनी और जापान तक से टीम आ चुकी हैं।
सैनिक फार्म्स दक्षिणी दिल्ली के इलाके में स्थित ये पूरा घर 500 गज में फैला हुआ है। इस घर में आंगन से लेकर छत तक पर 15000 पौधे हैं जो लगातार ऑक्सीजन विकसित करते रहते हैं। इस वजह से यहां की हवा हर समय शुद्ध रहती है।
इस घर में सिर्फ एक ही खिड़की बनाई गई है जहां से हवा आती जाती रहती है। इसको बनाने में केमिकल वाले पेंट का इस्तेमाल बिल्कुल भी नहीं हुआ है। सिर्फ ईटों से इसको बनाया गया है। लाल पत्थर की छत है और चूने से ही पूरी पुताई करवाई गई है।
यह घर पीटर सिंह और नीनो कौर का है जिसकी कहानी व्यक्तिगत संघर्ष से जुड़ी हुई है। नीनो के ब्लड कैंसर के निदान के बाद इस दंपति ने दिल्ली के जहरीले वायु प्रदूषण से बचने के लिए अपने घर को एक स्वस्थ आश्रय में बदलने का निर्णय लिया था। आज, ये घर ना केवल उनकी स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान है, बल्कि यह एक ग्रीन लिविंग का प्रतीक भी है।