इस सवाल का जवाब देने से पहले इसके पीछे इंटरव्यूअर की मुख्य सोच को समझना जरूरी है। क्या आप सिर्फ किसी भी नौकरी की तलाश में हैं, या वाकई इस खास कंपनी और रोल को लेकर गंभीर हैं? क्या आपने इंटरव्यू में आने से पहले कंपनी के काम और संस्कृति के बारे में रिसर्च की है? आप इस पद पर कितने समय तक बने रह सकते हैं और आपकी करियर ग्रोथ कंपनी के लक्ष्यों से कैसे मेल खाती है।
इस सवाल का जवाब देते समय आपको केवल अपनी जरूरतों पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय यह दिखाना चाहिए कि आप कंपनी के लिए कैसे फायदेमंद साबित हो सकते हैं। इसे 3 स्टेप्स में आसानी से तैयार किया जा सकता है।
जवाब की शुरुआत कंपनी के किसी ऐसे पहलू से करें जो आपको सच में आकर्षित करता है। यह कंपनी का वर्क कल्चर, हालिया प्रोजेक्ट, ब्रांड वैल्यू या उनका मार्केट विजन हो सकता है। उदाहरण के तौर पर "मैं काफी समय से आपकी कंपनी [कंपनी का नाम] की ग्रोथ और इनोवेशन को फॉलो कर रही हूं। जिस तरह से आपकी टीम टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नए मापदंड तय कर रही है, उससे मैं बेहद प्रभावित हूं।"
अगले चरण में यह स्पष्ट करें कि इस खास जॉब रोल की जिम्मेदारियां आपके अनुभव, योग्यता और करियर गोल्स से किस तरह मेल खाती हैं। उदाहरण में समझे तो "यह रोल मेरी स्किल्स का इस्तेमाल करने और उन्हें नई ऊंचाइयों पर ले जाने का एक शानदार मौका है। मुझे लगता है कि मेरी क्षमताएं इस पद की आवश्यकताओं के बिल्कुल अनुकूल हैं।"
जवाब का अंत इस बात से करें कि आप कंपनी में शामिल होकर क्या सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं और कैसे योगदान दे सकते हैं। उदाहरण के तौर पर "मुझे विश्वास है कि अपने पिछले अनुभवों और प्रॉब्लम-सॉल्विंग अप्रोच के साथ मैं आपकी टीम के लक्ष्यों को तेजी से हासिल करने में अहम योगदान दे सकता हूं।"
जवाब देते समय कभी भी केवल पैसों या सुविधाओं का जिक्र नहीं करना चाहिए। अगर आप कहते हैं "मुझे अच्छी सैलरी चाहिए" या "ऑफिस घर के पास है", तो इससे आपकी छवि केवल अपने फायदे के बारे में सोचने वाले उम्मीदवार की बनेगी। इसके साथ ही हर कंपनी के लिए एक ही जवाब इस्तेमाल करने के बजाय जवाब को कंपनी और रोल के हिसाब से कस्टमाइज करें। अपनी पुरानी या मौजूदा कंपनी, बॉस या सहकर्मियों की बुराई करने से बचें।
यदि आप फ्रेशर हैं, तो यह लाजमी सी बात है कि आपके पास कार्य अनुभव नहीं होगा। ऐसे में आपको अपनी सीखने की ललक और कंपनी के विजन को आधार बनाना है। उदाहरण - "एक फ्रेशर के रूप में, मैं अपने करियर की शुरुआत ऐसी कंपनी से करना चाहता हूं जहां मुझे सीखने और खुद को साबित करने का बेहतरीन माहौल मिले। आपकी कंपनी का वर्क कल्चर और प्रोजेक्ट्स मुझे अपनी क्षमताओं को निखारने का सही मंच प्रदान करते हैं।" सही तैयारी, स्पष्ट विज़न और आत्मविश्वास के साथ दिया गया यह जवाब आपको अन्य उम्मीदवारों से आगे रखकर नौकरी मिलने की संभावनाओं को कई गुना बढ़ा देता है।