पहलगाम में हुए आंतकी हमले का असर कश्मीर टूरिज्म पर देखने को मिल रहा है। कश्मीर की अर्थव्यवस्था और संस्कृति में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए बॉलीवुड एक्टर अतुल कुलकर्णी ने खास संदेश दिया है।
अतुल कुलकर्णी ने पहलगाम का दौरा किया है और बताया है कि उनका दौरा लोगों के साथ खड़े होने का एक तरीका है। अतुल ने कहा कि यहा एक ऐसा संदेश है जो वह मुंबई में घर पर रहकर नहीं दे सकते थे।
अतुल ने एएनआई से बातचीत में कहा, 'ये हमारा देश है हम तो आएंगे भाई हम आपकी बात नहीं सुनेंगे। यही जवाब हमें देना चाहिए उस विचारधारा को जो चाहते हैं कि आप यहां मत आएं। उसको हमारा यही जवाब है कि हम तो आएंगे।'
अतुल ने कहा, 'ये संदेश मैं मुंबई में घर पर बैठकर तो नहीं दे सकता हूं। मुझे यहां आना चाहिए और लोगों को बताना चाहिए कि मैं आया हूं तो आप भी यहां जरूर आएं।'
अतुल ने आगे कहा, 'टूरिज्म एक आर्थिक कारण तो है ही लेकिन, सबसे बड़ी बात टूरिज्म लोगों को एक दूसरे से मिलवाता है। कश्मीर के लोग कैसे हैं कश्मीर की मेहमान नवाजी क्या है ये सारा हिंदुस्तान टूरिज्म के माध्यम से ही जानेगा।'
अतुल ने कहा, 'मेरे ख्याल से जब आप मुस्कान लेकर आते हैं समस्या का हल तभी निकलता है। शासन प्रशासन अपना काम अच्छे तरीके से कर रहा है। हम सब लोग जानते हैं कि हम यहां सुरक्षित हैं। हमे यहां आना चाहिए हमें डरना नहीं चाहिए।'