पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर LPG से जुड़े संदिग्ध मैसेज की कई शिकायतें मिली हैं। इसके बाद सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे लोगों को इस फ्रॉड के बारे में जागरूक करें। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे Facebook और X पर भी यूजर्स ने LPG, Indane और LPG FAST जैसे नामों से आने वाले फर्जी SMS की जानकारी दी है।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, ठग लोगों को डराने और जल्दबाजी में फैसला लेने के लिए इस तरह के मैसेज भेज रहे हैं: “आपका LPG KYC पेंडिंग है, तुरंत अपडेट करें”, “आधार लिंक नहीं है, अभी वेरिफाई करें”,“तुरंत भुगतान करें, वरना कनेक्शन बंद हो जाएगा” इन मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही यूजर फर्जी वेबसाइट पर पहुंच जाता है, जहां उसकी निजी जानकारी और पैसे दोनों खतरे में पड़ जाते हैं।
पुलिस ने बताया कि ठग Indane और HP जैसी कंपनियों के नाम से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट बना रहे हैं। “bookLPGfast.com” और “lpg-booking.com” जैसे कई डोमेन की पहचान कर उन्हें ब्लॉक भी किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, जैसे ही ऐसी साइट्स की जानकारी मिलती है, उन्हें तुरंत हटाने की कार्रवाई की जाती है।
नॉर्थईस्ट दिल्ली के डीसीपी आशीष मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक या मैसेज से दूर रहें। पुलिस द्वारा वीडियो, विज्ञापन और ग्राफिक्स के जरिए भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे ऐसे फ्रॉड से बच सकें।
अगर आपको LPG बुकिंग से जुड़ा कोई संदिग्ध मैसेज या कॉल मिलता है, तो तुरंत इसकी शिकायत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर करें या आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट दर्ज करें।